Film Love & War : संजय लीला भंसाली की चर्चित फिल्म ‘लव एंड वॉर’ का पहला पोस्टर सामने आया है। पोस्टर में अभिनेता रणबीर कपूर का इंटेंस और रॉ अंदाज नजर आ रहा है। रणबीर मोटी मूंछों, खून के दाग वाली शर्ट और गॉगल्स में दिखाई दे रहे हैं। उनका लुक किरदार के रफ और मजबूत अंदाज की झलक देता है। शर्ट पर खून के दाग फिल्म की डार्क और एक्शन से भरपूर कहानी की ओर इशारा करते हैं। वहीं, गॉगल्स उनके किरदार को स्टाइलिश लुक दे रहे हैं।
अगले वर्ष जनवरी में रिलीज
फिल्म के मेकर्स ने सोशल मीडिया पर पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, “वो रुतबा, वो रौब, वो जुनून! संजय लीला भंसाली की ‘लव एंड वॉर’ 21 जनवरी 2027 को। फिल्मों में मिलते हैं!” पोस्टर में रणबीर का यह अवतार उनके अब तक के किरदारों से काफी अलग नजर आ रहा है। फिल्म में रणबीर के साथ आलिया भट्ट और विक्की कौशल भी नजर आएंगे। ‘लव एंड वॉर’ दुनियाभर में 21 जनवरी 2027 को रिलीज होगी। यह फिल्म हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषा में रिलीज की जाएगी। इसका निर्देशन संजय लीला भंसाली ने किया है।
‘अनेक बार बदली लव एंड वॉर’ की रिलीज डेट
बता दें कि संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘लव एंड वॉर’ की रिलीज डेट अब तक कई बार बदली जा चुकी है। सबसे पहले इसकी रिलीज की घोषणा जनवरी 2024 में हुई थी। उस समय फिल्म को क्रिसमस 2025 पर रिलीज करने की योजना थी। बड़े स्तर पर हो रही शूटिंग और प्रोडक्शन में ज्यादा समय लगने के कारण रिलीज को आगे बढ़ाया गया। इसके बाद मार्च 2026 में फिल्म रिलीज होने की बात सामने आई। इस बीच 14 अगस्त 2026 की रिलीज डेट की भी चर्चा हुई थी। फिल्म का काम तय समय में पूरा नहीं हो सका। खास तौर पर बड़े वीएफएक्स और हवाई एक्शन सीन्स के कारण समय बढ़ा। इसके बाद मेकर्स ने फिल्म की नई रिलीज डेट तय की। 21 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज तय की गई है।
भंसाली के साथ रणबीर और आलिया कर चुके हैं फिल्म
संजय लीला भंसाली की ‘लव एंड वॉर’ में रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल पहली बार एक साथ नजर आएंगे। हालांकि, रणबीर और आलिया इससे पहले भी भंसाली के साथ काम कर चुके हैं। रणबीर कपूर ने भंसाली के निर्देशन में ‘सांवरिया’ (2007) से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। फिल्म में उनके साथ सोनम कपूर भी मुख्य भूमिका में थीं। आलिया भट्ट ने भंसाली के साथ पहली बार ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ (2022) में काम किया। फिल्म में उन्होंने गंगूबाई का किरदार निभाया था। इस भूमिका के लिए आलिया को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का सम्मान मिला था।
‘लव एंड वॉर’ के सेट पर जून में हादसा हुआ
फिल्म ‘लव एंड वॉर’ जून 2026 में सेट पर हुए एक हादसे के बाद चर्चा में आ गई थी। 17 जून को मुंबई के फिल्मसिटी के पास रॉयल पंप स्टूडियो में 42 वर्षीय कारपेंटर चंद्रधारी सिंह यादव की करंट लगने से मौत हो गई थी। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, हादसा शॉर्ट सर्किट के कारण हुआ था। हादसे के बाद भंसाली प्रोडक्शंस ने मृतक के परिवार को 40 लाख रुपए की आर्थिक मदद देने की घोषणा की थी।
यह भी पढ़ें – गर्लफ्रेंड कोमल रानी के साथ गोविंदा पहुंचे लालबागचा, सोशल मीडिया पर मची हलचल
यह भी देखें – माचड़ा जमीन कांड: रिकॉर्ड कुछ और, पटवारी रिपोर्ट कुछ और! अब खुलेगा जमीन के खेल का सच



