Misbehavior with a girl : बिहार में अकेली या अपने दोस्त या रिश्तेदार के साथ निकलना मुश्किल होता जा रहा है। कुछ दिन पूर्व जमुई में हुई घटना के बाद अब समस्तीपुर में भी जमुई जैसी छेड़खानी की घटना हुई है। सड़क पर कुछ लड़कों ने एक नाबालिग लड़की के साथ बदसलूकी की, उसके बाल पकडकर घसीटने, मारने की कोशिश की। घटना के विडियो में लड़की उन लोगों से बार-बार छोड़ने के लिए कहती है, लेकिन लड़कों ने कभी उसका हाथ पकड़कर खींचा, बाल खींचे तो कभी उसे जबरन खींचकर दूसरी ओर ले गए। घटना का वीडियो कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र में बूढ़ी गंडक नदी के बाइपास बांध के पास बताते हैं।
विडियो वायरल होने पर पुलिस ने की कार्रवाई
समस्तीपुर पुलिस के पास वीडियो बुधवार यानी 23 सितंबर की रात करीब साढ़े 10 बजे संज्ञान में आया। इसके बाद पुलिस ने कर्पूरी ग्राम थाना क्षेत्र में विभिन्न जगहों पर छापेमारी की। 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। समस्तीपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पकड़े गए 4 आरोपियों में विकास कुमार शर्मा, राहुल कुमार और रामबाबू सहनी जगतसिंहपुर गांव के रहने वाले हैं। चौथा आरोपी अवधेश पासवान कर्पूरीग्राम का रहने वाला है।
बीच सड़क पर हो रहा घटनाक्रम
56 सेकेंड के वीडियो में दिख रहा है कि एक लड़की सड़क पर खड़ी है। उसे कुछ लड़के परेशान कर रहे हैं। वो उनसे बचने की कोशिश करती है। बनियान पहने एक लड़का बार-बार उसका हाथ पकड़ता दिख रहा है। लड़की के विरोध करने पर एक लड़का उसे मारने की कोशिश करता है। ये सब बीच सड़क पर हो रहा है, लेकिन कोई बीच-बचाव के लिए नहीं आया। लड़की कहती है- रुको, मैं अपने भाई को बुलाती हूं। इस पर लड़के कहते हैं कि ठीक है बुलाओ। वीडियो के अंत में दिख रहा है कि एक लड़का बाइक के सहारे खड़ा है।
बाइक के पास खड़ा वार्ड मेंबर का बेटा
नाबालिग खुद को बचाकर जिस लड़के के पास पहुंचती है, वो मोबाइल चलाता दिख रहा है। आशंका जताई जा रही है कि वो लड़का नाबालिग के साथ ही है। उसकी पहचान दिलीप राम के रूप में हुई है, जो वार्ड मेंबर मुनिया देवी का बेटा है। वो फोन में किसी का नंबर निकालकर उससे बात करने की कोशिश कर रहा है। नाबालिग लड़के के पास जाकर चुपचाप खड़ी हो जाती है, आरोपी भी उसके पास खड़े हो जाते हैं।
वारदात पर सियासत गरमाई
पूरे मामले को लेकर बिहार की सियासत भी गरमा गई है। विपक्ष जहां सरकार को घेर रही है, वहीं सत्ता पक्ष कार्रवाई किए जाने की बात कर रहा है। आरजेपी प्रवक्ता शक्ति यादव ने कहा है कि बिहार में बेटियां सेफ नहीं हैं। जमुई का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा, अब समस्तीपुर में वैसा ही कांड हुआ है। पुलिस का इकबाल खत्म हो चुका है। कांग्रेस प्रवक्ता असितनाथ ने कहा है कि मामला जमुई तक सीमित नहीं रहा है। अब समस्तीपुर में घटना हुई है। जब सत्ता में दुर्याेधन बैठेंगे तो सड़क पर दुशासन चीरहरण तो करेंगे ही। जेडीयू विधायक श्याम रजक बोले निश्चित तौर पर ये चिंता करने वाली बात है लेकिन इसका सामाजिक पहलू भी है। वो एक अलग चीज है, उस पर चर्चा हो सकती है। इस मामले में भी पुलिस कार्रवाई कर रही है, कई लोगों को हिरासत में लिया गया है और आगे भी कठोर कार्रवाई होगी।
यह भी पढ़ें –चीन के राष्ट्रपति के स्वागत के लिए ट्रंप ने प्रोटोकॉल तोड़ा, जिनपिंग के साथ ट्रेड, AI और ताइवान पर बातचीत
यह भी देखें- माचड़ा जमीन कांड: रिकॉर्ड कुछ और, पटवारी रिपोर्ट कुछ और! अब खुलेगा जमीन के खेल का सच



