Stone Mine : जयपुर में पत्थर की खदान में जेसीबी मशीन गहरी खाई में गिरने से उस पर सवार मशीन ऑपरेटर की मौत हो गई। हादसा दौलतपुरा थाना इलाके के खोरा श्यामदास में हुआ। घटना सोमवार शाम 6 बजे की है। थानाधिकारी महेंद्र सिंह यादव ने बताया कि जगदंबा क्रेशर की खदान में एलएनटी/पोकलेन मशीन से काम चल रहा था। इस दौरान मशीन अचानक फिसल गई और खदान में जाकर गिर गई। मशीन चला रहे चेतलाल पंडित भी नीचे गिरे और मौत हो गई। मृतक झारखंड के हजारीबाग जिले के काल्हाबाद का रहने वाला था।
JCB मशीन ऑपरेटर को दस साल का अनुभव
थानाधिकारी महेंद्र सिंह यादव के मुताबिक मृतक जेसीबी मशीन ऑपरेटर चेतलाल पंडित पिछले करीब 8 से 10 सालों से पोकलेन मशीन चलाने का काम कर रहा था। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कांवटिया हॉस्पिटल की मॉच्यूरी में रखवाया गया। मृतक के परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा और आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अवैध खनन को लेकर उठे सवाल
हादसे के बाद क्षेत्र में चल रही पत्थर की खदानों में अवैध खनन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि खोरा श्यामदास क्षेत्र में नियमों को दरकिनार कर पत्थर की खुदाई की जा रही थी। वहीं टोडी क्षेत्र की पत्थर की खदानों में भी अवैध खनन किए जाने के आरोप सामने आते रहे हैं। स्थानीय स्तर पर खनन विभाग की निगरानी और कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। आरोप है कि अवैध खनन की शिकायतों के बावजूद विभाग की कार्रवाई कई बार महज औपचारिकता तक सीमित रह जाती है।
यह भी पढ़ें –राजस्थान निकाय चुनाव में भाजपा की रणनीति जीती, कांग्रेस प्रबंधन में हारी
यह भी देखें – बालमुकुंद आचार्य का सबसे बेबाक इंटरव्यू | राम मंदिर आंदोलन पर खुलकर बोले BJP विधायक | KBP Times



