iPhone-18 : एपल के नए आईफोन की सीरीज 18 को लेकर देश के युवाओं में क्रेज देखने को मिला है। मुंबई के बीकेसी स्थित एपल स्टोर के बाहर नए आईफोन-18 की बिक्री शुरू होते ही लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। एक तरफ जहां आम लोग रातभर लाइन में लगकर नए हैंडसेट का इंतजार करते दिखे, वहीं दूसरी तरफ बॉलीवुड के कई सितारे भी इस ट्रेंड में शामिल होते नजर आए।
बॉलीवुड के सितारों में ट्रेंड
एक्टर विक्की कौशल iPhone-18 स्टोर पहुंचकर फैंस के साथ सेल्फी लेते दिखाई दिए, जबकि रितेश देशमुख, जेनेलिया, नेहा धूपिया और करिश्मा तन्ना जैसे कलाकारों ने सोशल मीडिया पर अपने नए हैंडसेट की तस्वीरें शेयर कीं। इस बीच एक्टर सोनू सूद ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखकर इस होड़ पर सवाल उठाया और लोगों को समाज सुधारने पर ध्यान देने की सलाह दी।
मुंबई, दिल्ली और बेंगलुरु स्टोर्स के बाहर लगी कतारें
भारत में आज शुक्रवार 18 सितंबर से एपल के नए फ्लैगशिप स्मार्टफोन आईफोन 18 प्रो और आईफोन 18 प्रो मैक्स की बिक्री शुरू हो गई है। देश भर के एपलल स्टोर्स और अधिकृत रिटेलर्स के बाहर नए आईफोन को सबसे पहले खरीदने के लिए खरीदारों की भीड़ है। लॉन्च डे पर एपल के रिटेल स्टोर्स तय समय से पहले यानी सुबह 8 बजे खोल दिए गए। भारत में एपल के कुल 6 रिटेल स्टोर है। मुंबई में दो, दिल्ली, नोएडा, बेंगलुरु और पुणे में एक स्टोर है।
सोनू सूद बोले- ईएमआई और वही पुराने बिल
स्टोर के बाहर लगी लंबी लाइनों की तस्वीर शेयर करते हुए सोनू सूद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म x पर लिखा कि नया फोन और नई ईएमआई से पुराने बिल नहीं बदलते। उन्होंने लिखा कि अब समय आ गया है कि लोग सिर्फ अपने फोन को अपग्रेड करने के बजाय समाज में बदलाव लाने के लिए लाइन में लगें, क्योंकि असली अपग्रेड एक बेहतर समाज बनाना है।
बॉलीवुड में नए आईफोन का ट्रेंड
फिल्म इंडस्ट्री के सितारों का लग्जरी लाइफस्टाइल और महंगे गैजेट्स से पुराना रिश्ता रहा है। बाजार में नया मॉडल आते ही कई स्टार्स इसके अलग-अलग कलर वेरिएंट्स के साथ नजर आने लगे हैं। एक्टर रितेश देशमुख ने सोशल मीडिया पर नीले रंग के फोन के साथ अपनी फोटो पोस्ट की और लिखा कि मेरे वाला ब्लू। वहीं उनकी पत्नी जेनेलिया देशमुख, एक्ट्रेस नेहा धूपिया और करिश्मा तन्ना ने बरगंडी कलर के मॉडल को पसंद किया और अपनी तस्वीरें शेयर कीं। इससे पहले इस महीने आयोजित हुए कंपनी के एक इवेंट में सिंगर एपी ढिल्लों और एक्ट्रेस तृप्ति डिमरी भी शामिल हुए थे, जहां उन्होंने कंपनी के सीईओ से मुलाकात की थी।
स्टोर पर पहुंचे विक्की कौशल, सेल्फी ली
मुंबई के बीकेसी स्टोर पर बिक्री के पहले ही दिन सैकड़ों लोगों का हुजूम देखने को मिला। इस दौरान एक्टर विक्की कौशल भी वहां पहुंचे और उन्होंने फैंस के साथ सेल्फी क्लिक की। स्टोर के बाहर कई लोग ऐसे भी थे जो सैकड़ों किलोमीटर का सफर तय करके पहुंचे थे और अपने शहर में पहला हैंडसेट खरीदने के लिए रातभर लाइन में खड़े रहे।
यह भी पढ़ें –UPI पेमेंट से MDR पर व्यापारियों में चिंता, कम मार्जिन वाले कारोबार को नुकसान
यह भी देखें – झोटवाड़ा में बुलडोजर एक्शन! संजय नगर में मकान टूटा, रोते रहे घरवाले | निगम पर उठे सवाल


