Fake Video : एआई के माध्यम से सेलिब्रिटीज के चेहरे, फोटोज का इस्तेमाल कर नकली विडियो बनाकर लोगों को गुमराह करने, ठगने की बढती वारदातों ने पुलिस की चिंता बढा दी है। ताजा मामला तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय का है जिनकी लोकप्रियता को अब ठग भुनाने में लगे हैं। तमिलनाडु में सीएम जोसेफ का एआई डीपफेक वीडियो से लोगों को ठगने की कोशिश का मामला सामने आया है। वीडियो में सीएम विजय जैसे दिखने वाला शख्स हिंदी में लोगों से बात करते हुए आर्थिक मदद के लिए एक वॉट्सएप नंबर पर संपर्क करने को कह रहा था। तमिलनाडु पुलिस की सीआईडी सीबी ने 1 सितंबर को केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पाक से संचालित होने की आशंका
तमिलनाडु पुलिस के अनुसार फर्जी वीडियो को फेसबुक समेत कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फैलाकर लोगों को ठगने की कोशिश की गई है। जांच में कुछ फर्जी वीडियो और सोशल मीडिया अकाउंट्स के पाकिस्तान से संचालित होने की आशंका सामने आई है।
कई डीपफेक वीडियो मिले
सीआईडी की शुरुआती जांच में विजय के नाम पर आर्थिक मदद का दावा करने वाले कई एआई डीपफेक वीडियो मिले हैं। ये अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किए जा रहे थे। जांच के लिए सीआईडी ने फेसबुक की पेरेंट कंपनी मेटा से संपर्क किया है। पुलिस ने फर्जी अकाउंट्स और वीडियो अपलोड से जुड़े लॉग की जानकारी मांगी है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि वीडियो किसने बनाया, किसने अपलोड किया और इसे फैलाने के लिए किन अकाउंट्स और नंबरों का इस्तेमाल हुआ। पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से इन वीडियो को हटाने और उनका प्रसार रोकने को कहा है। साइबर टीम आरोपियों की पहचान में जुटी है।
पुलिस की अपील- नंबरों पर संपर्क न करें
तमिलनाडु पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे वीडियो में दिए फोन नंबरों पर संपर्क न करें और न ही बताए गए ग्रुप में जुड़ें। पुलिस ने साफ किया कि मुख्यमंत्री की आर्थिक मदद का दावा करने वाले ये वीडियो फर्जी एआई डीपफेक हैं। लोगों से इन्हें नजरअंदाज करने और परिवार-रिश्तेदारों को भी सावधान करने की अपील की गई है।
डीपफेक वीडियो में असली और नकली की पहचान मुश्किल
जानकारी के अनुसार कई सेलिब्रिटीज डीपफेक का शिकार हो चुके है। आज के डिजिटल दौर में एआई की मदद से असली फोटो, ऑडियो और वीडियो में बदलाव कर नकली कंटेंट बनाया जा सकता है। इसे डीपफेक कहते हैं। इसमें असली और नकली की पहचान करना मुश्किल होता है। आसान शब्दों में, डीपफेक मॉर्फ वीडियो का एडवांस रूप है।
रश्मिका मंदाना – अभिनेत्री रश्मिका का चेहरा लगाकर फर्जी वीडियो बनाया गया; दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर 2024 में आरोपी को गिरफ्तार किया।
आलिया भट्ट- दूसरी महिला के वीडियो पर एआई से आलिया का चेहरा लगाया गया; वीडियो वायरल होने के बाद विवाद हुआ।
काजोल – एआई से काजोल का चेहरा लगाकर आपत्तिजनक वीडियो बनाया गया।
कैटरीना कैफ – ‘टाइगर 3’ की तस्वीर को एआई डिजिटल एडिटिंग से आपत्तिजनक बनाया गया; सोशल मीडिया पर विवाद हुआ।
आमिर खान- चुनाव के दौरान एआई वीडियो में फर्जी राजनीतिक अपील दिखाई गई।
रणवीर सिंह- असली इंटरव्यू की आवाज बदलकर फर्जी राजनीतिक बयान दिखाया गया; महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की।
सचिन तेंदुलकर- एआई वीडियो में उन्हें फर्जी गेमिंग ऐप का प्रचार करते दिखाया गया; शिकायत के बाद मुंबई साइबर पुलिस ने कार्रवाई की।
अनिल कपूर-एआई के जरिए नाम, तस्वीर और आवाज के इस्तेमाल के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट पहुंचे; कोर्ट ने अनधिकृत इस्तेमाल पर रोक लगाई।
अरिजीत सिंह- एआई प्लेटफॉर्म्स पर उनकी आवाज और पहचान का इस्तेमाल हुआ; बॉम्बे हाईकोर्ट ने बिना अनुमति इस्तेमाल पर रोक लगाई।
यह भी पढ़ें – हथिनीकुंड बैराज पर डूबे सेना के दो जवानों की मिली ड्राइविंग किट-लाइफ जैकेट
यह भी देखें – निकाय चुनाव से पहले BJP का बड़ा शक्ति प्रदर्शन! वार्ड 13 में दिया कुमारी ने संभाली प्रचार की कमान



