Local Bodies Election : प्रदेश में निकाय चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस अपने प्रत्याशियों को फाइनल करने से पहले बहुत सतर्कता बरत रही है। खास बात यह है कि सत्तारुढ भाजपा ने कई जगहों पर प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं की वहीं कांग्रेस ने जयपुर, अजमेर, उदयपुर में भाजपा से पहले प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी। आज सुबह से टिकटों के बंटवारे को लेकर जयपुर में बीजेपी मुख्यालय में मंथन हो रहा है। जयपुर संभाग के टिकटों को लेकर रायशुमारी हो रही है।
भरतपुर में परनामी के घर विवाद
इधर, भरतपुर संभाग के चुनाव संचालन समिति के प्रभारी अशोक परनामी के घर शनिवार को पूर्व विधायक राजकुमारी जाटव और बीजेपी जिलाध्यक्ष गोवर्धन सिंह जादौन आमने-सामने हो गए थे। इस मामले में परनामी ने कहा- मेरे घर पर हुई बैठक में कोई विवाद नहीं हुआ। उन्होंने कहा- न तो पूर्व विधायक राजकुमारी जाटव ने कोई चप्पल दिखाई और न ही हमारे जिला अध्यक्ष ने कोई गला दबाने का काम किया। जब हम डिस्कशन में बैठते हैं तो वाद-विवाद होते ही हैं। चर्चा होती है। केवल इतना ही विवाद था कि जिला अध्यक्ष एक का नाम ले रहे थे, राजकुमारी दूसरे का नाम ले रही थीं। बाद में हमने मिलकर एक नाम तय कर दिया।
जयपुर में बीजेपी कार्यालय पर नारेबाजी
जयपुर में बीजेपी मुख्यालय के बाहर रविवार को सिविल लाइंस के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि विधायक गोपाल शर्मा और उनके बेटे ने सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र के 16 वार्डों में चहेतों को टिकट के लिए आश्वस्त कर दिया है। पार्टी के विश्वस्त और समर्पित कार्यकर्ताओं की अनदेखी की गई है। आज शाम सीएम भजनलाल शर्मा प्रदेश बीजेपी मुख्यालय से ही चुनाव प्रचार रथों को रवाना करेंगे।
उदयपुर; सभी 80 वार्डों में कांग्रेस प्रत्याशियों की घोषणा
कांग्रेस ने उदयपुर नगर निगम के 80 पार्षद प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। इसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री गिरिजा व्यास की बहू (भतीजे की पत्नी) हितांशी शर्मा को वार्ड 73 से टिकट दिया गया है। वहीं, कांग्रेस शहर के जिलाध्यक्ष फतहसिंह राठौड़ की पत्नी पूनम कुंवर राठौड़ को वार्ड 17 से मौका दिया गया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रवक्ता पंकज कुमार शर्मा ने बताया- पीसीसी महासचिव हरीश चौधरी के निर्देशानुसार यह सूची जारी की गई है।
अजमेर में कांग्रेस से 13 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल
भाजपा व कांग्रेस उम्मीदवारों की घोषणा अभी तक नहीं हुई है। कांग्रेस से 13 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। वहीं बीजेपी से एक भी पर्चा नहीं भरा गया। नामांकन भरने की लास्ट डेट 31 अगस्त लास्ट है। अब तक कुल 25 नामांकन दाखिल हो चुके है। अजमेर में चार जगह फार्म जमा करने की व्यवस्था की गई थी। भाजपा या कांग्रेस, पार्टी से टिकट किसे मिलेगा, उनमें से कईयों को फॉर्म भरने के लिए इशारा किया जा चुका है। हालांकि पार्टी की ओर से पहले अधीकृत रूप से घोषणा करने की सम्भावना कम है और सिंबल सीधे 31 को निर्वाचन कार्यालय में जमा करवाए जाएंगे।
बाड़मेर; कांग्रेस की दूसरी लिस्ट जारी
कांग्रेस ने रविवार को बाड़मेर नगर परिषद के प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी की है। इसमें 7 दावदारों को प्रत्याशी बनाया है। इसमें पूर्व विधायक मेवाराम जैन की करीबी प्रवीण कुमार को वार्ड 30 से उम्मीदवार बनाया गया है। कांग्रेस ने अब तक 55 वार्डों में से 47 वार्डों में प्रत्याशी घोषित किए हैं। 8 वार्डों में उम्मीदवारों के नामों की घोषणा बाकी है।
अलवर में बीजेपी मुख्यालय से दावेदारों को आए फोन
अलवर नगर निगम के चुनाव के लिए बीजेपी मुख्यालय से टिकट के दावेदारों को फोन आना शुरू हो गए हैं। अलवर निगम के 65 वार्डों से करीब 30 से ज्यादा के लिए फोन कर दिए हैं। कहा गया है कि नामांकन दाखिल करें और चुनाव की तैयारी में जुट जाएं। जिनके पास फोन आए हैं, वे वोट मांगने में जुट गए हैं।
कोटा में बीजेपी से दावेदार का कच्छी घोड़ी डांस
कोटा के वार्ड-19 से बीजेपी से दावेदारी कर रहे राकेश सुमन पुटरा का दावा है कि मुझे पार्टी की तरफ से सिग्नल मिल चुका है। इसके बाद उन्होंने कुन्हाड़ी पेट्रोल पंप के सामने बाबा रामदेव के भंडारे में समर्थकों के साथ कच्छी घोड़ी डांस किया। इसके साथ ही बाबा रामदेव के जाने वाले जातरूओं को स्वागत करके रवाना किया।
जोधपुर में संभावित पैराशूट प्रत्याशी का विरोध
जोधपुर नगर निगम के वार्ड-4 के कांग्रेस कार्यकर्ता शहर कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे और संभावित पैराशूट उम्मीदवार उतारने का विरोध किया। कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। इसके बाद कार्यालय में मौजूद पार्टी पदाधिकारी ने उन्हें समझाया तो वे वापस चले गए।
यह भी पढ़ें –जयपुर में NEET PG Exam में बार-बार कंप्यूटर बंद होने से हंगामा, सेंटर पर परीक्षा कैंसिल
यह भी देखें – जयपुर के Ward 135 की बदहाल सड़कें बनी मुसीबत | गंदगी और जलभराव से परेशान जनता | Jaipur News



