AIMIM : ऑल इंडिया मजलिसे इत्तेहादुल मुस्लेमीन (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में उतरने का ऐलान किया है। ओवैसी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पार्टी संगठन मजबूत हुआ है और उम्मीद है कि यूपी में कई विधायक बन सकते हैं। ओवैसी ने कहा कि अभी यह तय नहीं हुआ है कि कितनी सीटों पर उम्मीदवार उतारेंगे।
वोट काटने वाली पार्टी के आरोप पर जवाब
AIMIM पर चुनाव में वोट काटने वाली पार्टी होने का आरोप लगाया जाता है। ओवैसी ने इस धारणा को खारिज करते हुए कहा कि अब जनता के बीच पार्टी को लेकर सोच बदल रही है। ओवैसी ने कहा कि लोगों को लगने लगा है कि एआईएमआईएम एक राजनीतिक विकल्प के रूप में सामने आ सकती है। ओवैसी ने कहा कि उनकी पार्टी पर बार-बार लगाए जाने वाले आरोपों से लोगों के बीच एक अलग तरह की राजनीतिक समझ बन रही है। उन्होंने विपक्षी दलों की राजनीति और उनके सेक्युलरिज्म के दावों पर भी सवाल उठाए.
बिहार चुनाव का दिया उदाहरण
AIMIM प्रमुख ने अपने दावे के समर्थन में बिहार चुनाव का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि बिहार में पार्टी के प्रदर्शन ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों का भरोसा बढ़ाया है.। इससे उत्तर प्रदेश में भी पार्टी के बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद मजबूत हुई है। पार्टी उत्तर प्रदेश में बिहार जैसी सफलता दोहराने की कोशिश करेगी।
यूपी में कई विधायक जीतने का दावा
ओवैसी ने दावा किया कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में AIMIM के कई उम्मीदवार जीतकर विधायक बन सकते हैं. उन्होंने कहा कि पार्टी का संगठन मजबूत हो रहा है और आने वाले समय में चुनावी तस्वीर और साफ होगी। हालांकि, अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी और उसे कितनी सीटों पर सफलता मिलेगी।
यह भी पढ़ें –तिब्बत में झील फटी, सेना ने लोगों से सुरक्षित जगह पर जाने को कहा, नेपाल में रेस्क्यू रोका
यह भी देखें – गोबर से बनी अनोखी गोमय राखी। बीज से उगेगा पौधा



