Ishita Mathur : जयपुर की मेधावी छात्रा इशिता माथुर ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शहर और प्रदेश का नाम रोशन किया है। इशिता ने दुनिया के शीर्ष 20 विश्वविद्यालयों में शामिल यूनिवर्सिटी ऑफ न्यू साउथ वेल्स (UNSW), सिडनी, ऑस्ट्रेलिया से शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ मास्टर ऑफ एनीमेशन एंड विजुअल इफेक्ट्स की डिग्री हासिल की है। इशिता माथुर को यह डिग्री 20 अगस्त 2026 को आयोजित समारोह में प्रदान की गई। उन्हें डिग्री प्रतिष्ठित व्यवसायी और UNSW फाउंडेशन लिमिटेड के चेयरमैन एवं चांसलर एमेरिटस डेविड गोन्स्की AC द्वारा प्रदान की गई। डेविड गोन्स्की को ऑस्ट्रेलिया के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान Companion of the Order of Australia (AC) से भी सम्मानित किया जा चुका है।
एनीमेशन और विजुअल इफेक्ट्स के क्षेत्र में बनाई पहचान
फाइन आर्ट्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद इशिता ने एनीमेशन और विजुअल इफेक्ट्स के क्षेत्र में उच्च शिक्षा का रास्ता चुना। UNSW सिडनी से मास्टर डिग्री हासिल कर उन्होंने इस क्षेत्र में अपनी शैक्षणिक उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जोड़ ली है। इशिता की यह पहली बड़ी शैक्षणिक उपलब्धि नहीं है। इससे पहले उन्होंने मणिपाल यूनिवर्सिटी जयपुर से बैचलर ऑफ फाइन आर्ट्स (BFA) की पढ़ाई पूरी की थी। वर्ष 2023 में शैक्षणिक उत्कृष्टता और श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए उन्हें तत्कालीन राज्यपाल द्वारा गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया था।
चिकित्सक दंपती की बेटी हैं इशिता
इशिता माथुर जयपुर के कांवटिया चिकित्सालय में कार्यरत दंत विभाग के प्रमुख डॉ. सुमित माथुर और निजी चिकित्सक डॉ. वंदना की पुत्री हैं। इशिता की अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस शैक्षणिक उपलब्धि से परिवार और परिचितों में खुशी का माहौल है।
यह भी पढ़ें –“हम पीछे हटने वाले लोग नहीं…” CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका की सरकार को चेतावनी
यह भी देखें – रामनगर कॉलोनी बदहाल! गंदगी, जलभराव और टूटी सड़कों से परेशान लोग



