CM Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के दौरे के दौरान कथित मछली भोज को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है. इसी बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रतिक्रिया आई है. रायबरेली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि जब हम एक होकर लड़ाई को एक आगे बढ़ाएंगे, तभी देश की स्वाधीनता बनी रहेगी. अन्यथा आपने कल देखा होगा कांग्रेस के लोग केवल विरासत का मान ही नहीं करते. कल आपने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष का आचरण देखा होगा, वे हनुमानगढ़ी में दर्शन करने जाते हैं लेकिन बाद में बाहर मछली की दावत उड़ाते हैं, राम राम चिल्लाते हैं. बेशर्मी की भी एक सीमा होती है. किसने कहा था फिर मंदिर जाने के लिए? जो खाना था वो अयोध्या के बाहर जाकर खा लेते, यह इनका दोहरा आचरण है. इनके सामने गिरगिट भी शरमा जाता है.
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कल हनुमानगढ़ी में दर्शन करने जाते हैं और बाहर आकर मछली की दावत उड़ाते हैं, फिर राम-राम चिल्लाते हैं।
बेशर्मी की भी एक सीमा होती है, इनके सामने गिरगिट भी शरमा जाता है… pic.twitter.com/zn713b0nrC
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) August 24, 2026
“उसके सामने घुटने टेककर, नत्मस्तक हो गया”
सीएम योगी ने आगे कहा कि बजरंगबली के सामने दंडवत होने का ढोंग कर रहे हैं लेकिन बाहर जाकर मछली की दावत उड़ा रहे हैं. प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस का यह पुराना इतिहास है. एक माफिया ने इनके भाई ने हत्या की थी, यह व्यक्ति उस माफिया के खिलाफ बयान देने के लिए नहीं गया. बल्कि उसके सामने घुटने टेककर, नत्मस्तक हो गया. वो तो हमारी सरकार आई जिसने उस माफिया की रगड़कर भूसी निकाल दी. अन्यथा इन लोगों ने तो प्रदेश को माफिया प्रदेश बना दिया था, पहचान का संकट खड़ा कर दिया था. आज उत्तर प्रदेश का कोई नौजवान हो, कोई बहन हो, कोई व्यापारी हो, कोई अन्नदाता किसान हो या कोई नागरिक हो, आज उसके सामने पहचान का संकट नहीं है.
“मैं इस्तीफा देने के लिए तैयार हूं”
वहीं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने अपने अयोध्या दौरे से जुड़े ‘मछली भोज’ विवाद पर कहा कि कल निषाद समाज ने मुझे बुलाया था. मैं जब भी अयोध्या जाता हूं पहले हनुमानगढ़ी और भगवान राम के दर्शन करता हूं और फिर कार्यक्रम में जाता हूं. निषाद समाज के कार्यक्रम में वे मछली का भोज करा रहे थे, ये उनका काम था. मैं कार्यक्रम में शामिल हुआ और वापस लखनऊ लौट आया. मछली पालना, पकड़ा और खाना निषाद समाज की जीवनशैली में है. भाजपा निषाद समाज का अपमान कर रही है, निषाद समाज इसे भूलेगा नहीं. अगर मुख्यमंत्री आलोचना कर रहे हैं और उनके पास कोई फोटो है तो दिखा दें.मैं इस्तीफा देने के लिए तैयार हूं. नहीं, तो सीएम योगी को गेरुआ वस्त्र का सम्मान करते मठ में चले जाना चाहिए. वे झूठ बोलकर जनता को भ्रमित कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर विपक्ष ने केंद्र सरकार को घेरा, कहा- एथेनॉल बनाने में गन्ना यूज़…



