RLP : आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने खंडेला विधानसभा क्षेत्र में अपनी रणनीति तय कर दी है। पार्टी खंडेला और रींगस नगर पालिका के सभी वार्डों में प्रत्याशी उतारकर चुनाव मैदान में पूरी ताकत के साथ उतरेगी।
खींवसर में हुई पार्टी पदाधिकारियों की बैठक
RLP सुप्रीमो और सांसद हनुमान बेनीवाल के खींवसर स्थित आवास पर खंडेला विधानसभा क्षेत्र की पार्टी टीम के प्रभारी, सह प्रभारी और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक में आगामी नगर निकाय चुनाव की तैयारियों, प्रत्याशी चयन और संगठन की चुनावी रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
सभी वार्डों में चुनाव लड़ने का फैसला
बैठक के दौरान खंडेला विधानसभा क्षेत्र की दोनों नगर पालिकाओं के सभी वार्डों में पार्टी प्रत्याशी उतारने का प्रस्ताव रखा गया, जिस पर हनुमान बेनीवाल ने अपनी सहमति दे दी। इसके बाद पार्टी ने खंडेला नगर पालिका के 40 वार्डों और रींगस नगर पालिका के 35 वार्डों में चुनाव लड़ने का निर्णय किया है। इस तरह RLP दोनों नगर पालिकाओं के कुल 75 वार्डों में अपने उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारेगी।
संगठन मजबूत करने पर रहेगा जोर
पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार चुनाव से पहले दोनों नगर पालिका क्षेत्रों में संगठन को और मजबूत किया जाएगा। वार्ड स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के साथ स्थानीय समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की रणनीति बनाई जा रही है।
कार्यकर्ताओं में उत्साह
सभी वार्डों में प्रत्याशी उतारने के फैसले के बाद स्थानीय RLP कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। पार्टी का कहना है कि वह जनता की समस्याओं और स्थानीय विकास के मुद्दों को लेकर नगर निकाय चुनाव में उतरेगी और दोनों नगर पालिकाओं में मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने का प्रयास करेगी।
यह भी पढ़ें –जयपुर के उपन्यासकार गोविल के व्यक्तित्व पर पुस्तक ‘प्रबोध बोध’ का लोकार्पण
यह भी देखें- जयपुर से डिग्गी पदयात्रा में उमड़ा भक्तों का सैलाब | कल्याण धणी के जयकारों से गूंजा रास्ता



