Rajasthan Police Advisory : आज हर व्यक्ति के हाथ में स्मार्टफोन है और किसी भी कंपनी का लेटेस्ट मॉडल लाइफ स्टाइल का पर्याय बन गया है। लेकिन सावधानी की खबर यह है कि अगर आप अपने स्मार्टफोन में बैंकिंग, डिजिटल लॉकर और निजी डॉक्यूमेंट सेव करके रखते हैं तो यह सुरक्षा के लिहाज से सही नहीं है क्योंकि साइबर ठग आपको शिकार बना सकते हैं। ऐसे में मोबाइल में संवेदनशील जानकारी सेव रखना खतरा पैदा कर सकता है। यह देखते हुए राजस्थान पुलिस की साइबर क्राइम शाखा ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की।
राजस्थान पुलिस की एडवाइजरी
महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर जारी एडवाइजरी में अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (साइबर क्राइम) वीके सिंह के अनुसार – भारत में प्रतिदिन 1.3 लाख से अधिक साइबर हमले होते हैं। ऐसे में मोबाइल में सेव निजी जानकारी, बैंकिंग डिटेल और डॉक्यूमेंट साइबर ठगी, पहचान चोरी और आर्थिक नुकसान का कारण बन सकते हैं।
बैंक ऑफ बड़ौदा में कस्टमर के डेटा लीक से लिया सबक
राजस्थान पुलिस ने हाल ही सामने आए बैंक ऑफ बड़ौदा में कस्टमर के डेटा लीक और डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों का हवाला दिया। वीके सिंह ने बताया- एक कर्मचारी के ईमेल से करीब 1 टीबी डेटा डार्क वेब पर लीक होने का मामला सामने आया था। यह घटना बताती है कि डिजिटल सुरक्षा में छोटी सी चूक भी गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है।
फोन को सुरक्षित रखने के लिए राजस्थान पुलिस की सलाह
- सार्वजनिक वाई-फाई पर बैंकिंग या संवेदनशील कार्य करने से बचें।
- जरूरत पड़ने पर भरोसेमंद VPN का इस्तेमाल करें।
- फोन में स्क्रीन लॉक और स्टोरेज एन्क्रिप्शन हमेशा चालू रखें।
- एप को केवल आवश्यक परमिशन दें।
- बैंकिंग एप और महत्वपूर्ण दस्तावेज सिक्योर या हिडेन फोल्डर में रखें।
- क्लाउड बैकअप को मजबूत पासवर्ड और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन से सुरक्षित करें।
- एप केवल आधिकारिक एप स्टोर से ही डाउनलोड करें।
- मजबूत और अलग-अलग पासवर्ड का उपयोग करें।
- लोकेशन ट्रैकिंग, ऑटो बैकअप और स्क्रीन लॉक सक्रिय रखें।
साइबर ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत
राजस्थान पुलिस ने कहा- यदि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या संदिग्ध गतिविधि का सामना हो तो तुरंत पास के पुलिस थाना या साइबर पुलिस स्टेशन में शिकायत करें। साथ ही नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल, हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा राजस्थान पुलिस के साइबर हेल्पडेस्क नंबर 9256001930 और 9257510100 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
यह भी पढ़ें –कपड़े के नाप का कंफ्यूजन होगा दूर अब One Size -Fit All फ्रेमवर्क ला रही सरकार
यह भी देखें – जयपुर में UGC कानून के खिलाफ सड़कों पर उतरा सवर्ण समाज | महिपाल सिंह मकराना की सरकार को खुली चेतावनी


