West Bengal: पश्चिम बंगाल के पूर्वी बर्धमान से जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े हमीम मंडल को गिरफ्तार किया गया है. जिसको लेकर स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के आईजी गौरव शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि संदिग्ध हमीम मंडल पाकिस्तान के हैंडलर्स के संपर्क में था, उसने दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन में तोड़-फोड़ की साजिश रची थी. पाकिस्तानी हैंडलर्स ने उसे पुलिस की वर्दी पहनकर घुसने और अशांति फैलाने का निर्देश दिया था.
गर्लफ्रेंड अर्पिता सरकार भी गिरफ्तार
आईजी गौरव शर्मा ने बताया कि हमीम मंडल की कथित सहयोगी व गर्लफ्रेंड अर्पिता सरकार को भी गिरफ्तार कर लिया गया है. उसे झारखंड के साहिबगंज इलाके से गिरफ्तार किया गया है. जिसे बंगाल लाया गया और पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह भी जांच करने में जुटी है कि हमीम मंडल के प्रदर्शन से क्या संबंध था. वहीं हमीम मंडल से पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आई है. जांच में पता चला है कि वो जैश-ए-मोहम्मद के हैंडलर्स से टेलीग्राम, व्हाट्सएप और अन्य मैसेजिंग ऐप के जरिए संपर्क में रहता था.
“पुलिस की वर्दियां खरीदने का ऑर्डर मिला था”
STF की ओर से दावा किया गया है कि हमीम मंडल एन्क्रिप्टेड चैट का इस्तेमाल करता था और युवाओं का ब्रेनवॉश कर उन्हें अपने नेटवर्क से जोड़ने की कोशिश कर रहा था. पूछताछ में हमीम मंडल ने बताया कि उसे करीब 10-12 दिन पहले शाहजाद भट्टी गिरोह के सहयोगी हम्माद से पुलिस की वर्दियां खरीदने का निर्देश मिला था. इन वर्दियों को दिल्ली के एक बस स्टॉप पर पहुंचाना था ताकि कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के दौरान इनका इस्तेमाल हो सके. इन वर्दियों का इस्तेमाल आत्मघाती हमलावरों की ओर से किया जाना था. लेकिन किसी वजह से योजना पूरी नहीं हो सकी.
मंत्री उमेश राय भी आतंकियों के निशाने पर थे
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो हमीम ने दिल्ली में कुछ ऐसे लोगों की तलाश भी की थी जो जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पेट्रोल बम फेंक सके. फिलहाल एसटीएफ हर पहलू से जांच में जुटी है कि इस साजिश में और कौन-कौन शामिल था. आईजी गौरव शर्मा ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया है कि मंत्री उमेश राय भी आतंकियों के निशाने पर थे. हमीम और उसकी सहयोगी अर्पिता सरकार मंत्री उमेश राय के बेटे को हनी ट्रैप में फंसाने की साजिश रच रहे थे.
यह भी पढ़ें: देशभर में बारिश का कहर: केरल-कर्नाटक में लैंडस्लाइड से 11 की मौत, किश्तवाड़ में फटा बादल


