Monsoon Update: देशभर में मानसून की बारिश का कहर जारी है. भारी बारिश, लैंडस्लाइड और बाढ़ से कई हजार लोगों का जनजीवन प्रभावित हुआ है. केरलम में बारिश ने भारी तबाही मचाई है. भारी बारिश की वजह से हुई लैंडस्लाइड और बाढ़ से 8 लोगों की मौत हो चुकी है,जबकि आठ लोग अभी भी लापता है. सरकार की ओर से 209 राहत शिविर बनाए गए हैं, जहां 5,792 लोगों को सुरक्षित पहुंचाया गया है.
केरलम में बारिश और लैंडस्लाइड से 27 घर पूरी तरह नष्ट भी हुए है और 196 घरों को नुकसान पहुंचा है. केरलम में पंबा और अचवकोविल नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है. जिसकी वजह से निचले इलाकों में पानी भर गया है.
जम्मू-कश्मीर में फटा बादल
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले से बादल फटने की घटना सामने आई है. जहां छतरू इलाके में कई मकानों और दुकानों को नुकसान पहुंचा है. सड़कों पर मलबा भरा गया है. डोडा, किश्तवाड और रामबन के सभी स्कूलों को एहतियात के तौर पर बंद कर दिए गए हैं.
उत्तराखंड में लैंडस्लाइड
उत्तराखंड के उत्तरकाशी में यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर लैंडस्लाइड की खबर भी सामने आई है. चमोली के गौचर के पास बद्रीनाथ हाईवे पर 20 मीटर हिस्सा धंस गया. जिसकी वजह से यातायात को वन-वे कर दिया गया. मौसम विभाग की ओर से 7 अगस्त तक मौसम खराब रहने का अनुमान जताया गया है.
कर्नाटक के शिवमोग्गा में लैंडस्लाइड
कर्नाटक के शिवमोग्गा में रविवार को लैंडस्लाइड से एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत हो गई. परिवार पहाड़ी के पास बने घर में सो रहा था, तभी हादसा हो गया.
यह भी पढ़ें: अमेरिका ने फिलहाल टाला ईरान पर हमला, परमाणु खतरा खत्म करने और होर्मुज खोलने पर बनी सहमति


