Protest demonstration : जयपुर में आज दो प्रमुख राजनैतिक दलों कांग्रेस और भाजपा ने एक दूसरे के कार्यालयों को घेरने के लिए रैली निकाल कर विरोध प्रदर्शन किया। दोनों पार्टीयों के प्रमुख नेता उसमें शामिल हुए। दोनों ही दलों के कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने पुलिस कमिश्नरेट सर्कल पर बैरीकेट लगाकर रोका, वाटर कैनन से रैली को तितर-बितर किया।
कांग्रेस का प्रदर्शन
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जयपुर में कांग्रेस लगातार दूसरे दिन सड़क पर उतरी। भाजपा कार्यालय का घेराव करने बुधवार शाम को निकले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोक लिया। कांग्रेस मुख्यालय से रवाना हुई रैली गवर्नमेंट हॉस्टल सर्किल पहुंची। वहीं पुलिस ने कमिश्नरेट के सामने बैरिकेड्स लगा रखे थे और भारी पुलिस जाब्ता तैनात था। कमिश्नरेट के सामने कांग्रेस कार्यकर्ता पुलिस से भिड़ गए। कांग्रेस के घेराव में पूर्व सीएम अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा,नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हैं। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा कार्यालय के लिए कूच से पहले केंद्र सरकार का पुतला फूंका।
पुलिस ने वाटर कैनन चलाई
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने वाटर कैनन चलाई। कार्यकर्ता आगे की ओर बढ़ रहे थे। पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोक लिया। इस पर गोविंद सिंह डोटासरा से धक्का-मुक्की हो गई।
भाजपा का प्रदर्शन
प्रधानमंत्री आवास के सामने दिल्ली में कांग्रेस के धरने के विरोध में जयपुर में का्ंग्रेस कार्यालय का घेराव करने निकले भाजपा कार्यकर्ताओं की पुलिस से धक्का-मुक्की हो गई। भाजपा कार्यकर्ता बैरिकेड्स पर चढ़ गए। पुलिस ने उन्हें हटाने के लिए वाटर कैनन चलाई। पीएम आवास के बाहर कांग्रेस के प्रदर्शन के विरोध में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के नेतृत्व में बुधवार को हजारों कार्यकर्ताओं ने पार्टी ऑफिस से कांग्रेस कार्यालय की ओर कूच किया। चौमूं हाउस सर्किल पर पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर भाजपा कार्यकर्ताओं को रोक लिया। कार्यकर्ता आगे बढ़ने की कोशिश करने लगे। इस दौरान पुलिस से उलझ गए। पुलिस ने उन्हें खदेड़ने के लिए वाटर कैनन (पानी की बौछार) का इस्तेमाल किया।
यह भी पढ़ें – “इतनी जिद, अड़ियल रवैया क्यों?…” कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने केंद्र सरकार पर बोला हमला
यह भी देखें – जंतर-मंतर पहुंचे सपा नेता इरफान सोलंकी | PM मोदी से छात्रों से संवाद की मांग | Student Protest


