CJP Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन फिर शुरू हो गया है. सोमवार शाम 5 बजे दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर का खाली करा दिया था. CJP फाउंडर अभिजीत दीपके और प्रदर्शनकारी 6 घंटे बाद फिर जंतर-मंतर पर लौट आए. सोमवार रात को 11 बजे के करीब जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. इंडिया टुडे से बातचीत के दौरान दीपके ने कहा कि मंगलवार को वे फिर संसद मार्च करेंगे. केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा होने तक आंदोलन जारी रहेगा और वे जंतर-मंतर से हटने वाले नहीं है.
“जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफ़ा नहीं देते हम नहीं हटेंगे”
कल हुए विरोध मार्च पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रंका ने प्रतिक्रिया आई है. उन्होंने कहा कि सिर्फ़ पुलिस ने ही लाठियां चलाईं. हमारे युवाओं को पीटा गया, उनके सिर फोड़ दिए गए, उन्हें सड़कों पर घसीटा गया. सोनम सर की पत्नी गीतांजलि मैम के बाल खींचकर उन्हें ट्रक से बाहर निकाला गया. हमारे एक वॉलंटियर की पसलियां टूट गईं. हमने ऐसी बर्बरता की कभी उम्मीद नहीं की थी और न ही कभी देखी थी. कल दिल्ली पुलिस ने सारी हदें पार कर दीं. साफ़ है कि उन्हें लोगों को पीटने के निर्देश दिए गए थे. लेकिन इससे विरोध और बढ़ेगा और ज़्यादा लोग दिल्ली आएंगे. जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफ़ा नहीं देते, हम यहां से नहीं हटेंगे. कल सरकार के साथ हुई बैठक पर आशुतोष ने कहा कि हमें कोई जवाब नहीं मिला. 5 घंटे बर्बाद हो गए. अगर सरकार हमसे बात करना चाहती है, तो उन्हें अब यहां आना होगा.
“धर्मेंद्र प्रधान का समय पूरा हो चुका है”
वहीं केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा से मुलाक़ात पर CJP के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि हमने अपनी बात रख दी है. अब फ़ैसला उन्हें करना है. उन्हें युवाओं को न्याय दिलाना होगा. हालांकि, आज पुलिस के ज़रिए उन्होंने जो बर्बरता दिखाई, उसे देखते हुए मुझे आशा कम लगती है. धर्मेंद्र प्रधान का समय पूरा हो चुका है और उन्हें जाना ही होगा. सवाल यह है कि कब जाएंगे? 12 साल में पहली बार, युवाओं के दबाव के कारण सरकार ने लोगों को बातचीत के लिए बुलाया है. उन्होंने हमें चर्चा के लिए बुलाया. यह अपने आप में इस आंदोलन और विरोध की एक बड़ी जीत है. हमें भरोसा दिलाया गया है कि वे इस मामले पर चर्चा करेंगे और जल्द ही हमें जवाब देंगे.
दिल्ली पुलिस ने 5 लोगों पर FIR दर्ज कीं
कल हुई हिंसा और गाड़ियों में तोड़-फोड़ को लेकर दिल्ली पुलिस ने कनॉट प्लेस, संसद मार्ग और अन्य थानों में 5 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है. सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है.
सांसद चंद्रशेखर आजाद भी धरने पर बैठे
वहीं नीट पेपर लीक मामले और CJP प्रदर्शनकारियों पर पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ आजाद समाज पार्टी के सांसद चंद्र शेखर आजाद संसद परिसर में धरने पर बैठे हैं. वे केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: Delhi जंतर-मंतर पर फिर लौटे CJP कार्यकर्ता, ‘अभी नहीं तो कभी नहीं’ वाली स्थिती में आंदोलन



