America Iran Conflict: अमेरिका-ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है. शनिवार देर रात अमेरिका ने ईरान पर बड़े पैमाने पर एयरस्ट्राइक करते हुए 140 सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया. अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के मुताबिक, होर्मुज में साइप्रस के झंडे वाले कंटेनर जहाज पर हमले के जवाब में अमेरिका ने ईरान पर हमला किया है. हमले की वजह से जहाज में आग लग गई और इंजन को भारी नुकसान पहुंचा. चालक दल का एक सदस्य भी लापता बताया जा रहा है.
ईरान ने किया पलटवार
एयरस्ट्राइक के कुछ देर बाद ही ईरान ने पलटवार करते हुए कुवैत और बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ड्रोन हमले किए. ईरानी सरकारी टीवी IRIB के मुताबिक, कुवैत में अमेरिकी पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम, गोला बारूद डिपो और रडार साइट को निशाना बनाया गया. हालांकि अमेरिका की तरफ से बहरीन और कुवैत में हुए हमलों की अधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. AP की रिपोर्ट के मुताबिक, कतर में कई धमाकों की आवाजें सुनाई दीं, जिसके बाद मिसाइल अलर्ट बजाया गया. बहरीन में भी सायरन बजे.
“अब हकीकत सामने है”
ईरानी संसद स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने कहा कि एकतरफा समझौतों का दौर अब खत्म हो चुका है. उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा कि हमने पहले ही कहा था- वादा निभाओ, नहीं तो कीमत चुकाओ. गालिबाफ ने आगे लिखा कि अब हकीकत सामने है.
“एयर डिफेंस एक्टिव”
अमेरिका के हमलों के बीच ईरान ने दक्षिण-पश्चिम शहर बंदर-ए-महशहर में एयर डिफेंस सिस्टम को एक्टिव कर दिया है. ईरान की मेहर न्यूज एजेंसी के मुताबिक, खुजेस्तान प्रांत के इस शहर में हवाई सुरक्षा प्रणाली अलर्ट पर हैं.
यह भी पढ़ें: ईरानी सुप्रीम लीडर बोले-पिता की मौत का बदला लेंगे, ट्रम्प बोले- मारने की कोशिश की तो तबाह कर देंगे



