Iran-America: ईरान और अमेरिका के सुप्रीमों के बीच एक दूसरे को मारने और तबाह कर देने की धमकी दी जाने लगी हैं। ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई ने अपने पिता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार के बाद पहली बार संदेश जारी किया। अल जजीरा के मुताबिक, उन्होंने कहा- ‘मैं अपने पिता के बेगुनाह खून का बदला जरूर लूंगा, यह ही हमारे देश की भी इच्छा है।’ तो दूसरी ओर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि मुझे नुकसान पहुंचाने की कोशिश की तो ईरान को तबाह कर देंगे।
लोगों का आभार जताया
ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुजतबा ने अंतिम संस्कार में शामिल हुए लाखों लोगों का आभार जताया और अपने पिता को श्रद्धांजलि भी दी । उन्होंने कहा कि लोगों की भारी मौजूदगी ने दुश्मनों को करारा जवाब दिया और यह एक ऐतिहासिक पल था। उधर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि अगर ईरान ने उनकी हत्या की कोशिश की तो ईरान को पूरी तरह तबाह कर दिया जाएगा। ट्रुथ सोशल पर ट्रम्प ने लिखा कि ईरान की ओर 1000 मिसाइलें तैयार हैं और जरूरत पड़ने पर हजारों और मिसाइलें दागी जाएंगी।
ईरान बोला- अमेरिकी उल्लंघन जारी रहा तो समझौता नहीं मानेंगे
संयुक्त राष्ट्र में ईरान के राजदूत अमीर सईद इरावानी ने कहा है कि अगर अमेरिका समझौते को तोड़ता रहा, तो ईरान भी इसे मानने के लिए बाध्य नहीं रहेगा। उन्होंने अमेरिका पर 7 और 8 जुलाई को ईरानी द्वीपों और दक्षिणी शहरों पर हमले कर संयुक्त राष्ट्र चार्टर का खुला उल्लंघन करने का आरोप लगाया। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अगर अमेरिका पूरी तरह और ईमानदारी से समझौते का पालन करता है, तो ईरान भी अपनी प्रतिबद्धताओं का पालन करता रहेगा।
ट्रम्प की हत्या का मुद्दा क्यों उठा?
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच एक बार फिर डोनाल्ड ट्रम्प की हत्या का मुद्दा सुर्खियों में है। इसकी शुरुआत तब हुई, जब मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि इजराइल ने अमेरिका को खुफिया अलर्ट दिया है कि ईरान ट्रम्प की हत्या की नई साजिश बना रहा है। हालांकि अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि इस इनपुट की पुष्टि नहीं हुई है। इसके बाद ट्रम्प ने कई बार कहा कि वह ईरान की हिटलिस्ट में सबसे ऊपर हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उनकी हत्या की कोशिश हुई तो अमेरिका ईरान पर सबसे बड़ा हमला करेगा। तनाव तब और बढ़ गया, जब अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में कुछ लोगों ने ट्रम्प की हत्या के नारे लगाए। इसके जवाब में ट्रम्प ने कहा कि अगर ईरान ने ऐसा किया तो हजारों मिसाइलों से जवाब दिया जाएगा और ईरान को पूरी तरह तबाह कर दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें : वियतनाम में भारतीय टूरिस्ट से भरी बोट पलटी, 15 की मौत, 32 भारतीय थे सवार
यह भी देखें: जयपुर में तेज रफ्तार ट्रक का कहर | सड़क किनारे खड़े परिवार को कुचला। KBP Times



