Singer Honey Singh: सिंगर हनी सिंह ने आज मंगलवार को बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ से मुलाक़ात की. बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ के कार्यालय की तरफ से एक वीडियो शेयर किया गया है. जिसमें हनी सिंह कह रहे हैं कि मैंने तरुण चुघ के साथ पंजाब में हो रही समस्याओं, खासकर चिट्टे की वजह से बर्बाद हो रहे परिवारों और युवाओं के बारे में बात की. पूरा युवा वर्ग नशे की वजह से बर्बाद हो रहा है और हम यही सोच रहे थे कि पंजाब को किसी तरह इस चिट्टे से दूर किया जाए. तरुण चुघ पहले से ही इस मुद्दे पर काफी मेहनत कर रहे हैं और उन्होंने अपनी बातें मेरे साथ साझा कीं.
“आज पंजाब नशों की मार झेल रहा है”
वहीं तरुण चुघ ने कहा कि यो यो हनी सिंह, जो पंजाब का बेटा है और जिसने पूरी दुनिया में अपना नाम रोशन किया है. चाहे बॉलीवुड हो या अब हॉलीवुड की यात्रा उसकी जिंदगी बहुत प्रेरणादायक है. एक इंसान किस तरह ऊंचाइयों तक पहुंचता है और फिर गलत संगत में पड़ने के बाद उस दलदल से बाहर निकलने के लिए 8 साल तक तपस्या करता है और फिर वापसी करके दोबारा सिंगिंग की दुनिया में नंबर एक बनता है, यह बहुत बड़ी मिसाल है. मैंने उनसे निवेदन किया कि आज पंजाब नशों की मार झेल रहा है. यह चिट्टा, टीके और दूसरे नशे लोग किस तरह छोड़ें, क्योंकि पंजाब के बच्चे लगातार बर्बाद हो रहे हैं. गुरुओं, पीरों और पैगंबरों की धरती मेरा पंजाब, पांच दरियाओं की धरती मेरा पंजाब, आज यहां चिट्टे का दरिया बह रहा है. यह दरिया सुनामी बनकर पंजाब की जवानी को खत्म कर रही है.
“यह चमत्कार करके दिखाया है”
बीजेपी नेता ने कहा कि मैंने हनी सिंह जी से निवेदन किया कि आपकी जुबान पर माता सरस्वती का आशीर्वाद है, भोले बाबा का आशीर्वाद है, गुरुओं का आशीर्वाद है. इसलिए अपनी आवाज, अपने गीतों और अपने शब्दों के जरिए पंजाब के बच्चों को चिट्टे, हशीश, स्मैक और दूसरे नशों से बाहर निकलने के लिए प्रेरित करें. उन्होंने मुझसे वादा किया है कि हम पंजाब को बचाएंगे. उन्होंने अपनी जिंदगी के अनुभव से यह साबित किया है कि अगर हनी सिंह उस दलदल से बाहर आ सकता है, तो पंजाब का हर बच्चा बाहर आ सकता है. अगर हनी सिंह वापसी कर सकता है, तो बच्चे भी हनी सिंह बन सकते हैं. अगर कोई कहता है कि अब सिर्फ छह महीने की जिंदगी बची है, या कोई कहता है कि नशे से बाहर नहीं निकला जा सकता, तो हनी सिंह को देखो. उन्होंने यह चमत्कार करके दिखाया है, जिंदगी में बदलाव लाकर दिखाया है.
“हनी सिंह की तरह वापसी करो”
उन्होंने कहा कि आओ मेरे पंजाब के वीरों और बच्चों, हनी सिंह से सीखें और इस चिट्टे, स्मैक, चरस और नशे के इंजेक्शनों की दुनिया से बाहर आएं. पंजाब की पहचान दूध, दही, लस्सी और घी है. पंजाब के वीर जवान, मजबूत बेटे और गबरू नौजवान, जिनकी चौड़ी छातियों के गीत गाए जाते हैं, जिनकी बहादुरी को पूरी दुनिया सलाम करती है, जिनकी मेहनत को दुनिया सम्मान देती है. आइए फिर से वही पंजाब बनाएं. मेरी इस वीडियो के जरिए पूरे पंजाब के नौजवानों से अपील है हनी सिंह की तरह वापसी करो.
यह भी पढ़ें: मोदी सरकार के 12 साल: नोटबंदी से राम मंदिर तक, इन बड़े फैसलों ने बदली देश की दिशा



