Jaipur Congress Protest: जयपुर में आज(21 मई) कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने NEET पेपर लीक को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC)ऑफिस से मार्च करते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) हेडक्वार्टर के घेराव की कोशिश की. इस बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हो गई. पुलिस ने वाटर कैनन चलाकर बैरिकेड्स पर चढ रहे कार्यकर्ताओं को रोका. इस दौरान कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को कार्यकर्ताओं ने कंधे पर बैठा लिया. वहीं प्रताप सिंह खाचरियावास पुलिस कमिश्ररेट के सामने बैठ गए. इस दौराम मीडिया से बातचीत करते हुए राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि ये पेपर चोर रंगे हाथों पकड़े गए हैं. धर्मेंद्र प्रधान के राज में पेपर लीक हो रहे हैं. आज स्पष्ट हो गया है कि लाखों बच्चों का भविष्य भाजपा ने बर्बाद कर दिया है.
कब सलाखों के पीछे पहुंचेंगे
BJP के “बड़े मगरमच्छ” ?NEET पेपर लीक में युवाओं के सपनों का सौदा करने वालों को गिरफ्तार करो।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो, जांच JPC को दो।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष @GovindDotasra जी की अगुवाई में राजस्थान कांग्रेस का… pic.twitter.com/4rEnhbvda5
— Rajasthan PCC (@INCRajasthan) May 21, 2026
“सरकार में बैठे हुए लोग चोर थे”
डोटासरा ने आगे कहा कि 2024 में राहुल गांधी ने लोकसभा में कहा था कि NEET का पेपर चोरी हो रहा है और लाखों लोगों का भविष्य बर्बाद हो रहा है, आप चर्चा करा लीजिए. इन्होंने चर्चा नहीं कराई क्योंकि धर्मेंद्र प्रधान और प्रधानमंत्री मोदी की सरकार में बैठे हुए लोग चोर थे. यह स्पष्ट हो गया है और अब इस्तीफा लेकर रहेंगे. नीट करवाने वाली संस्था NTA पर लोगों का विश्वास नहीं रहा है, इसलिए इस संस्था को भंग कर देना चाहिए. केंद्र सरकार नीट पेपर लीक मामले में जिम्मेदारी से नहीं बच सकती. 22 लाख छात्रों का भविष्य खराब करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जरूरत है.
“धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा होना चाहिए”
राजस्थान विधानसभा नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि भाजपा तानाशाही कर रही है, धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा होना चाहिए. प्रधानमंत्री मोदी उसपर कुछ नहीं बोल रहे हैं. यहां के शिक्षा मंत्री कह रहे हैं कि कोई बड़ी बात नहीं है. 100 के आसपास पेपर लीक हो चुके हैं. भाजपा के पदाधिकारी इसमें शामिल पाए गए हैं. ये लोग पेपर लीक माफियाओं को बचाने का काम कर रहे हैं.



