Ravneet Singh Bittu: केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने आज बुधवार को चंडीगढ़ में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के बयान पर पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि क्या आप खुद को प्रधानमंत्री के बराबर समझते हैं? क्या आप प्रधानमंत्री द्वारा किए गए काम के स्तर की बराबरी कर पाएंगे? वह देश के प्रधानमंत्री हैं, और उन्हें पूरी दुनिया में घूमना पड़ता है. अगर वो विदेश में नहीं जाएंगे तो गैस और तेल के संकट का हल कैसे निकलेगा. वो यूएई गए वहां उन्होंने कहा कि हमारा स्टॉक यहां जमा करो. प्रधानमंत्री जहां जाते हैं मान लिजिए वहां पूरा देश जाता है. मैं यह कहना चाहता हूं कि यह आदमी ISI का एजेंट है. ISI के इशारे पर, वह हमारे देश को खतरे में डालना चाहता है. लोगों को इनपर निगाह रखनी चाहिए.
“आप कितने लोगों को ‘पाकिस्तान का एजेंट’ कहेंगे”
केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के भगवंत मान को ISI एजेंट कहने वाले कथित बयान पर RJD सांसद मनोज झा की प्रतिक्रिया आई है. उन्होंने कहा कि अब वे केंद्रीय मंत्री हैं, मैं इस पर क्या ही टिप्पणी कर सकता हूं? आप कैबिनेट मंत्री हैं, और ऐसा गैर-जिम्मेदाराना बयान? अगर आपके पास कोई सबूत है, तो गृह मंत्री, रक्षा मंत्री या प्रधानमंत्री से मिलिए. अपने विरोधियों को बदनाम करने के लिए मीडिया में बयान देना. हम राजनीति को किस दिशा में ले जा रहे हैं? अगर मैं सरकार की आलोचना करता हूं, तो मुझे ‘राष्ट्र-विरोधी’ या ‘पाकिस्तान का एजेंट’ कहा जाएगा. आप कितने लोगों को ‘पाकिस्तान का एजेंट’ कहेंगे? हमने आपके साथ काम किया है, इसलिए मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि आप इस तरह की टिप्पणियां करने से बचें.
क्या बोले थे CM मान?
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पीएम मोदी के विदेश दौरों पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि जब लोगों को वर्क फ्रॉम होम की सलाह दी जा रही है तो प्रधानमंत्री खुद घर से काम क्यों नहीं कर सकते. केंद्र सरकार लोगों को सोना खरीदने पर रोक लगा रही है. इसके साथ ही उन्होंने तेल की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर भी केंद्र सरकार को घेरा. सीएम मान ने कहा कि चुनाव के दौरान कहा था कि तेल के दाम नहीं बढ़ेंगे, चुनाव खत्म होते है तेल के दाम बढ़ा दिए.
यह भी पढ़ें: “हिंदुस्तान के आर्थिक सिस्टम को बेच दिया…” कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने PM मोदी पर बोला हमला



