International Museum Day: राजधानी जयपुर में आज(18 मई) उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने विश्व संग्रहालय दिवस पर अल्बर्ट हॉल संग्रहालय का दौरा किया. उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि हमारी विरासत को सुरक्षित रखना हमारी ज़िम्मेदारी है. हर किसी को सोमनाथ मंदिर जाकर उसके दर्शन करने चाहिए, जिसका बहुत ही सुंदर तरीके से पुनर्निर्माण किया गया है और जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया था. हमें अपने ही देश को और अधिक घूमना-फिरना चाहिए. मैं सभी से आग्रह करती हूं कि वे ऐतिहासिक स्मारकों और स्थलों का दौरा करें, उनकी सुंदरता की सराहना करें और पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के लिए सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करें. इस हॉल का पूरी तरह से नवीनीकरण किया जाएगा. इसे तकनीक और AI के इस्तेमाल से आधुनिक बनाया जाना है.
बता दें कि आज देशभर में विश्व संग्रहालय दिवस मनाया जा रहा है. इस अवसर पर राजस्थान सरकार ने देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए राजकीय स्मारक और संग्रहालयों में निशुल्क प्रवेश की सौगात दी है. पर्यटक स्थलों पर सैलानियों का राजस्थानी परंपरा के अनुसार तिलक लगाकर और माला पहनाकर गर्मजोशी से अभिनंदन किया जाएगा. पर्यटकों को राजस्थान की लोक संस्कृति से रूबरू कराने के लिए विभिन्न स्मारकों पर सांस्कृतिक और रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे प्रदेश के पर्यटन को बढ़ावा मिल सके.
ट्रेन से अजमेर गईं थी डिप्टी सीएम
इससे पहले उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी रविवार को जयपुर रेलवे स्टेशन से ट्रेन द्वारा अजमेर गई थी. इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने यात्रियों से बातचीत की और सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल का आग्रह किया. मीडिया से बातचीत के दौरान दीया कुमारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पूरे देश से अपील की है कि जितना हो सके हमें सार्वजनिक वाहनों का इस्तेमाल करना है. हमें अपनी पेट्रोल और डीजल की गाड़ियों को कम इस्तेमाल में लेना है. यह जरूरी है कि हम खुद से शुरूआत करें. इससे हमारे देश की अर्थव्यवस्था अधिक मजबूत होगी.



