Howrah Station Bulldozer Action: पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद प्रशासन अवैध अतिक्रमण के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई करता नजर आ रहा है. इसी कड़ी में शनिवार देर रात हावड़ा स्टेशन परिसर के बाहर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया. रेलवे परिसर में वर्षों से फुटपाथ और सार्वजनिक रास्तों पर कब्जा कर चल रही दुकानों तथा अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया गया. भारी पुलिस बल और रेलवे सुरक्षा एजेंसियों की मौजूदगी में पूरे इलाके को खाली कराकर प्रशासन ने साफ संदेश दिया कि सार्वजनिक जमीन पर कब्जा अब बर्दाश्त नहीं होगा.
हावड़ा स्टेशन के बाहर चला बड़ा अतिक्रमण हटाओ अभियान
हावड़ा स्टेशन के बाहर गंगा घाट और बस स्टैंड के आसपास प्रशासन ने देर रात अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया. इस दौरान फुटपाथों और सार्वजनिक रास्तों पर अवैध रूप से कब्जा कर बनाई गई दुकानों और ढांचों को बुलडोजर की मदद से हटाया गया. कई सालों से कब्जा जमाए बैठे दुकानदारों पर की गई यह अब तक की बड़ी कार्रवाइयों में मानी जा रही है.
रेलवे और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
चूंकि पूरा इलाका रेलवे परिसर के अधीन आता है, इसलिए अभियान को रेलवे प्रशासन की निगरानी में संचालित किया गया. कार्रवाई के दौरान आईओडब्ल्यू विभाग, रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) और हावड़ा सिटी पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे. किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था. प्रशासन ने बिना किसी देरी के पक्के और कच्चे अवैध निर्माणों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया.
यह भी पढ़ें: नीदरलैंड में पीएम मोदी बोले-हालात नहीं बदले तो गरीबी के दलदल में फंसेंगे
सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
अभियान के दौरान पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया. रेलवे सुरक्षा बल की विशेष निगरानी में कार्रवाई को शांतिपूर्ण तरीके से अंजाम दिया गया. हालांकि अचानक हुई कार्रवाई से दुकानदारों में अफरा-तफरी का माहौल जरूर देखने को मिला, लेकिन किसी बड़े विरोध या हंगामे की सूचना नहीं मिली.
प्रशासन ने दी सख्त चेतावनी
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि हावड़ा स्टेशन जैसे महत्वपूर्ण और व्यस्त इलाके को अतिक्रमण मुक्त रखना उनकी प्राथमिकता है. फुटपाथों पर कब्जे के कारण यात्रियों को आवाजाही में भारी परेशानी हो रही थी. अधिकारियों ने साफ कहा कि रेलवे और सार्वजनिक जमीन पर दोबारा कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. इससे पहले तिलजला और उत्तर 24 परगना के हसनाबाद में भी अवैध अतिक्रमण पर बुलडोजर कार्रवाई की जा चुकी है.



