Assam Election Result: असम विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने शानदार जीत दर्ज की है. बीजेपी ने 126 सीटों में से 82 सीटें हासिल की है. हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में असम में एक बार फिर एनडीए सरकार बनने जा रही है. इसी बीच असम कांग्रेस के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने आज मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की. उन्होंने कहा कि हम लोगों का बहुमत मानते हैं. हम उन लोगों का शुक्रिया अदा करते हैं जिन्होंने हमें वोट दिया और हमारा सपोर्ट किया. कांग्रेस उन लोगों तक पहुंचेगी जिन्होंने हमें वोट नहीं दिया. हम जमीनी स्तर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं का शुक्रिया अदा करते हैं जो मुश्किलों का सामना करने के बाद भी हमारे साथ खड़े हैं. हमने एक नई कांग्रेस देखी है.
उन्होंने कहा कि मैं मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, जितेंद्र सिंह और अन्य कांग्रेस नेताओं का शुक्रिया अदा करता हूं. हमें उम्मीद के मुताबिक सीटें नहीं मिलीं. लेकिन हम विधानसभा के अंदर और बाहर असम के विकास के लिए अपने सुझाव देंगे. हम हमेशा असम के आम लोगों के साथ खड़े रहेंगे. कप्तान होने के नाते, मैं इस हार की जिम्मेदारी लेता हूं.
“BJP ने वैसे काम नहीं किया जैसा उसे करना चाहिए था”
गौरव गोगोई ने आगे कहा कि मैं भाजपा दल और उनके नेतृत्व को शुभकामनाएं देता हूं. मुझे उम्मीद है कि सरकार लोगों से जुड़े कई अलग-अलग मुद्दों को हल करने के लिए काम करेगी. भाजपा सरकार ने वैसे काम नहीं किया जैसा उसे करना चाहिए था और आर्टिफिशियल बाढ़ इसका एक उदाहरण है. मुझे यह भी उम्मीद है कि वे लोगों को परेशान करके और भ्रष्टाचार में शामिल होकर पहले की गई गलती नहीं दोहराएंगे. हमें उतनी सीटें नहीं मिलीं जितनी हमने उम्मीद की थी, लेकिन हम लोगों की आवाज उठाने और संविधान की रक्षा करने का अपना कर्तव्य निभाते रहेंगे.
यह भी पढ़ें: “मैं इस्तीफ़ा नहीं दूंगी, मैं हारी नहीं…” चुनावी नतीजों में हार के बाद ममता बनर्जी का बड़ा बयान
“हमारा हौसला कम नहीं हुआ है”
असम कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अगर सरकार गलती करती है, तो हम लोगों के हित में हिम्मत से आवाज उठाएंगे. हमारी सीटें कम हैं, लेकिन हमारा हौसला कम नहीं हुआ है. मैं असम के लोगों को उनके सपोर्ट के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं. हमें फीडबैक मिल रहा है कि हमें अपने संगठन के अंदर एक नए तरीके की जरूरत है ताकि हम अपना मैसेज जनता तक पहुंचा सकें. कुछ दिनों में, हम अपने जीतने वाले उम्मीदवारों की एक बैठक बुलाएंगे ताकि इस पर चर्चा की जा सके कि चुनाव कैसे हुए और क्या सभी नियमों का पालन किया गया. हम इस पर भी चर्चा करेंगे कि पार्टी को कैसे मजबूत किया जाए.



