West Bengal Election 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज(26 अप्रैल) उत्तर 24 परगना में चुनावी रैली को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि पहले चरण में इतना भारी मतदान हो गया. पहले चरण में TMC का अहंकार टूट गया है, दूसरे चरण में भाजपा सरकार की प्रचंड जीत पक्की होने जा रही है. बंगाल का ये चुनाव अंतिम चरण में है, लेकिन आपने देखा होगा 15 साल पहले TMC मां, माटी और मानुष की बातें करके सत्ता में आई थी. पर अब इनके मुंह से मां, माटी और मानुष, यह शब्द तक नहीं निकलते. आखिर क्यों? क्या कारण है? मैं आपको कारण बताता हूं. यह TMC वाले अगर मां, माटी और मानुष की याद दिलाएंगे तो इनके पाप सामने आ जाएंगे. TMC की निर्ममता ने मां को रुला दिया, माटी को सिंडीकेट, घुसपैठियों के हवाले कर दिया और बंगाल के मानुष को पलायन के लिए मजबूर कर दिया.
“TMC के महाजंगलराज में बहन-बेटियों से धोखा हुआ है”
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि TMC के महाजंगलराज की सबसे बड़ी पीड़ित हमारी बहनें, बेटियां हैं. इनके साथ सबसे बड़ा धोखा हुआ है, इसलिए इस बार सबसे अधिक गुस्सा बहनों में ही है. संदेशखाली में बहनों के साथ गुंडे अन्याय करते रहे. TMC की निर्मम सरकार गुंडों का साथ देती रही. यहां तो बहनों को ही गाली दी गई. यह कभी भूलना नहीं है. TMC के महाजंगलराज में यहां से बेटियां लापता हो रही हैं लेकिन TMC सरकार सोई पड़ी है, बेटियों की इन्हें कोई चिंता नहीं है. लेकिन अब और नहीं. गुंडे, बलात्कारियों का हिसाब 4 मई के बाद भाजपा की सरकार करेगी. चुन-चुन कर हिसाब करेगी.
यह भी पढ़ें: “सबकी सदस्यता खत्म होगी…” AAP नेता संजय सिंह ने 7 सांसदों के BJP में विलय पर बोला हमला
“BJP 36 हजार रुपये बहनों के खाते में जमा करेगी”
PM मोदी ने कहा कि बंगाल में भाजपा सरकार हर साल 36 हजार रुपये बहनों के खाते में जमा करेगी. आंगनबाड़ी हो, अन्य महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता हो, उनके वेतन-भत्ते को लेकर भी बंगाल भाजपा ने बड़ी घोषणा की है. बंगाल भाजपा ने बेटियों को सरकारी नौकरी में 35% आरक्षण देने का फैसला किया है. बंगाल की डबल इंजन सरकार का बंगाल की बहन-बेटियों को डबल फायदा होगा.
“ऐसी सरकार को हटाना ही होगा”
वहीं TMC पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि सिर्फ एक ही फैक्ट्री, एक ही दुकान फली-फूली है और ये दुकान है सिंडिकेट की, कट मनी और कमीशनखोरी. मिलों की जमीन पर कब्जे की, किसानों को बर्बाद और तबाह करने की. ऐसी सरकार को यहां से जाना ही होगा, ऐसी सरकार को हटाना ही होगा. बंगाल के पास सब कुछ है, बंगाल के लोगों के पास सामर्थ्य भी भरपूर है. इसलिए बंगाल फिर से देश का नंबर वन राज्य बन सकता है.



