Sanjay Singh: AAP के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने आज(26 अप्रैल) प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि कई संविधान के ज्ञाताओं ने, देश के वरिष्ठ अधिवक्ता और संविधान के विशेषज्ञ कपिल सिब्बल ने, पी. डी. टी. आचार्य ने और तमाम लोगों ने ये साफ कर दिया है कि जिन 7 लोगों ने आम आदमी पार्टी को तोड़कर भारतीय जनता पार्टी में विलय करने का फैसला लिया है, उनकी सबकी सदस्यता खत्म होगी, रद्द होगी, समाप्त होगी. उन्होंने कहा कि एक याचिका दायर की है, जिसमें अनुरोध किया गया है कि भारत के संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत, इन सात सदस्यों की सदस्यता को पूरी तरह से समाप्त और रद्द कर दिया जाए. उपराष्ट्रपति और सभापति से भी मांग की है कि वे जल्द से जल्द इस मामले की सुनवाई करके और इस पर एक न्यायपूर्ण फैसला दें.
“ये लोकतंत्र के साथ भी धोखा है”
संजय सिंह ने आगे कहा कि ये क्यों ज़रूरी है? क्योंकि आप एक पार्टी से चुनकर आते हैं और उसके बाद ED का, CBI का, जांच एजेंसियों का दुरुपयोग करके आपको तोड़ा जाता है और भारतीय जनता पार्टी, जो इस खेल में माहिर है, वो आपको अपने में मिला लेती है. ये लोकतंत्र के साथ भी धोखा है, पंजाब के लोगों के साथ भी धोखा और गद्दारी है और साथ-साथ देश के संविधान के साथ भी एक धोखा है और उसका मज़ाक उड़ाने की कार्रवाई है. अगर आप एक दल से चुने गए हैं और आपको कोई मतभेद है, आप इस्तीफा दीजिए उस दल से और जाइए जहां आपका मन बनता हो. तो इसलिए इस याचिका से चेयरमैन साहब जल्द फैसला देकर इनकी सदस्यता रद्द करेंगे, ऐसी मैं उम्मीद करता हूं, ऐसा मैं भरोसा करता हूं.
यह भी पढ़ें: Mann Ki Baat में पीएम मोदी ने ‘बुद्ध के विचारों’ का किया जिक्र, कहा- दुनिया तनावों-संघर्षों से गुजर रही…
“झूठी खबरें BJP द्वारा प्रचारित की जाएंगी”
उन्होंने दावा किया कि इस प्रकार के अफवाह और इस प्रकार की झूठी खबरें भारतीय जनता पार्टी के द्वारा प्रचारित की जाएंगी. राघव चड्ढा और बाकी लोगों के द्वारा भी प्रचारित की जाएंगी. कि पूरे पंजाब में इन लोगों का विरोध हो रहा है. इन लोगों के खिलाफ जनता सड़कों पर है, नारेबाज़ी कर रही है. पार्टी के साथ धोखा देने के लिए, पंजाब के साथ धोखा देने के लिए इनके खिलाफ वहां जनभावना है और दूसरी बात, अभी तो खुद इनकी सदस्यता खत्म होने वाली है. तो अपनी सदस्यता खत्म कराने के लिए कौन-सा एमएलए इनके साथ जाएगा? कौन जाएगा? राजनीति में तो इतनी समझ सब लोग रखते हैं. तो इसलिए ये झूठा प्रचार है. एक भ्रम फैलाने की कोशिश है, इसके अलावा कुछ नहीं है.



