Ajit Pawar Plane Crash News: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का आज( 28 जनवरी) एक दर्दनाक विमान हादसे में निधन हो गया. हादसा सुबह 8 बजकर 45 मिनट के करीब हुआ. जब उनका चार्टर विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. उनके निधन पर तमाम राजनेताओं की प्रतिक्रिया आ रही है. इसी कड़ी में पश्चिमी बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हादसे पर दुख जताते हुए हादसे की जांच की मांग की है. ममता बनर्जी के बयान पर अब भाजपा सांसद कंगना रनौत की प्रतिक्रिया आई है. उन्होंने कहा कि हम सब दुख में हैं कि आज सुबह इतना बड़ा हादसा हुआ. हम सब संसद में इस बारे में बात कर रहे हैं कि बहुत से लोग हेलीकॉप्टर से यात्रा करते हैं. इसलिए, ऐसे समय में ऐसी छोटी-मोटी बातें करने के बजाय, उन्हें थोड़ा संयम दिखाना चाहिए.
“विश्वास नहीं हो रहा है ऐसी बात हुई है”
वहीं बारामती विमान दुर्घटना पर भाजपा सांसद अशोक चव्हाण (Ashok Chavan) की भी प्रतिक्रिया आई है. उन्होंने कहा कि बड़ी ही दुखद घटना है. विश्वास नहीं हो रहा है ऐसी बात हुई है. अजीत पवार का जाना कोई सोच भी नहीं सकता था. अचानक उनका जाना संभव नहीं लगता है. तीन दिन पहले मेरी उनसे मुलाकात हुई थी. शायद ही मुझे लगा हो कि ये आखिरी मुलाकात होगी. हम दोनों ने मिलकर कैबिनेट में काम किया है. हमने कई मुख्यमंत्रियों के साथ काम किया. वे अच्छे प्रशासक रहे, प्रशासन में उनकी अच्छी पकड़ रही. उन्होंने महाराष्ट्र में अपनी एक अलग छवि का निर्माण किया था.
यह भी पढ़ें: स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का माघ मेले से वापस लौटने का ऐलान, कहा- “मुगलों के समय में नहीं हुआ वो हिंदू सरकारों…”
“वे अनुशासनप्रिय नेता थे”
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण (Prithviraj Chavan) ने कहा कि आज सुबह महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के विमान की दुर्घटना की खबर सुनी. उस दुर्घटना में वे नहीं बचे. महाराष्ट्र की राजनीति में भारी नुकसान हुआ है. वे अनुशासनप्रिय नेता थे. अपनी समय बाध्यता के लिए वे मशहूर थे. 2010 के नवंबर में हम दोनों ने महाराष्ट्र के प्रशासक की जिम्मेदारी संभाली थी. मैं मुख्यमंत्री था और वे उपमुख्यमंत्री थे. बजट पेश करने में वे माहिर थे. पूरे महाराष्ट्र की अर्थव्यवस्था की नब्ज उन्होंने पहचान ली थी. महाराष्ट्र को उनसे बहुत उम्मीद थी लेकिन आज वे अचानक हमें छोड़कर चले गए. मैं पवार परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं.



