Ajit Pawar Plane Crash News: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का बुधवार सुबह निजी विमान लैंडिंग के समय बारामती में क्रैश हो गया. इस विमान में अजित पवार समेत कुल 5 लोगों की मौत हो गई. घटना के दौरान वहां मौजूद एक चश्मदीद मीडिया के सामने आया है. उसका कहना है कि मैंने यह अपनी आंखों से देखा. यह सच में बहुत दुखद है. जब विमान नीचे आ रहा था, तो ऐसा लगा कि यह क्रैश हो जाएगा और यह क्रैश हो गया. फिर इसमें धमाका हुआ, बहुत बड़ा धमाका हुआ. उसके बाद, हम यहां भागे और देखा कि विमान में आग लगी हुई थी.
“आग की वजह से लोग मदद नहीं कर पाए”
चश्मदीद ने आगे कहा कि विमान में फिर से 4-5 धमाके हुए और लोग यहां आए, उन्होंने लोगों को (विमान से) बाहर निकालने की कोशिश की. लेकिन क्योंकि यह बहुत बड़ी आग थी, इसलिए लोग मदद नहीं कर पाए. अजीत पवार विमान में सवार थे और यह हमारे लिए बहुत दुखद है. मैं इसे शब्दों में बयान नहीं कर सकता. पायलट ने भी सुरक्षित लैंडिंग करने की कोशिश की होगी लेकिन सुरक्षित लैंडिंग हो नहीं पाई. यह बहुत शोक वाली घटना है. प्लेन रनवे पर उतरने ही वाला था कि करीब 100 फीट पहले ही नीचे गिर गया.
यह भी पढ़ें: अजित पवारः राजनीति के पथ पर चाचा से सीखा चलना और बन गए सियासत के बादशाह
“इस खबर से सभी लोग परेशान हैं”
शिवसेना (UBT) नेता आनंद दुबे ने कहा कि वे महाराष्ट्र के एक ऐसे नेता थे जिन्होंने पक्ष-विपक्ष कभी नहीं देखा. हमने कभी कल्पना नहीं की थी कि वे इतनी जल्दी हमें छोड़कर चले जाएंगे. लोग उन्हें बहुत प्यार करते हैं. इस खबर से सभी लोग परेशान हैं.



