UP Diwas 2026: लखनऊ में आज( 24 जनवरी) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश दिवस 2026 समारोह कार्यक्रम में शिरकत की. कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे. कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में अमित शाह ने कहा कि आज मैं हर उत्तर प्रदेशवासी को बहुत-बहुत शुभकामनाएं देना चाहता हूं क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित भारत बनाने का संकल्प लिया है. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकसित उत्तर प्रदेश का संकल्प लिया है. उत्तर प्रदेश एक रूप से भारत की धड़कन है और दूसरे मायनों में यह भारत की आत्मा है. यह भारत की विकास का इंजन भी बनने जा रहा है.
“कांग्रेस-सपा ने बीमारू राज्य बनाकर रखा था“
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज सरदार पटेल के नाम पर सरदार पटेल औद्योगिक क्षेत्र का शुभारंभ हुआ. इसकी डिटेल प्लानिंग की गई है. उत्तर प्रदेश का हर जिला रोजगार से युक्त हो और उत्तर प्रदेश के युवा अपने ही प्रदेश में रोजगार प्राप्त करे, ऐसी व्यवस्था होगी. आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कई योजनाओं को धरातल पर उतारा है. इसे कांग्रेस और सपा ने बीमारू राज्य बनाकर रखा था. 62 लाख गरीबों को घर मिला और पूरा देश जिस क्षण की राह देख रहा था आज उसी अयोध्या में श्रीराम का भव्य मंदिर बनाने का काम भी पूरा हो चुका है.
“11 सालों में हमने भारत की बदलती हुई तस्वीर देखी“
वहीं कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले 11 सालों में हमने भारत की बदलती हुई तस्वीर को देखा है और एक नए भारत का दर्शन किया है. वहीं उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश पढ़कर सुनाया, जिसमें कहा गया है, “मैं काशी से सांसद हूं, और उत्तर प्रदेश के लोगों ने मुझे चुनकर लोकसभा भेजा है. इसलिए यह दिन मेरे लिए और विशेष हो जाता है उत्तर प्रदेश के लोगों से मुझे जो प्रेम और आत्मीयता मिली है, वह मेरे लिए एक बहुत बड़ी पूंजी है. उत्तर प्रदेश की मिट्टी में कुछ खास है. यूपी ने हमेशा अपने सामर्थ्य और प्रतिभा से देश के विकास में गति दी है. वहीं उत्तर प्रदेश दिवस के मौके पर सीएम योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान से सम्मानित किया. फिजिक्स वल्लाह (PW) के संस्थापक और सीईओ अलख पांडे के साथ-साथ रश्मि आर्य, सुधांशु सिंह और हरिओम पवार को भी सम्मानित किया गया.



