Rajasthan: धार्मिक नगरी खाटूश्यामजी में पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट एवं धर्मशालाओं की व्यापक स्तर पर जांच की और सात मोटरसाइकिल सहित 13 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। सीकर पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नुनावत के निर्देशन में फाल्गुनी लक्खी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था संधारण एवं अवांछनीय गतिविधियों की रोकथाम को लेकर खाटूश्यामजी कस्बे में विशेष सघन अभियान चलाया गया।
फाल्गुनी लक्खी
फाल्गुनी लक्खी मेला देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। मेले की भीड़ को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए विशेष रणनीति तैयार की गई है। इसी क्रम में यह अभियान चलाया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य असामाजिक तत्वों, संदिग्ध व्यक्तियों तथा अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों पर प्रभावी कार्रवाई करना है।
पुलिस प्रशासन द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि खाटूश्यामजी मेले के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, असामाजिक कृत्य, नशाखोरी, चोरी, जेबकतरी अथवा श्रद्धालुओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस द्वारा लगातार गश्त, नाकाबंदी एवं निगरानी की जा रही है ताकि आमजन एवं श्रद्धालु बिना किसी भय के दर्शन कर सकें।
यह भी पढ़ें : कोहरे का कहर, वाहनों की भिड़ंत में 10 से ज्यादा घायल, आंधी-बारिश के साथ ओले गिरने की चेतावनी
पुलिस अधीक्षक सीकर प्रवीण नायक नुनावत ने संबंधित अधिकारियों एवं जवानों को निर्देशित किया है कि वे पूरी सतर्कता, संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। साथ ही आमजन से भी अपील की गई है कि वे पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहभागी बनें।
यह सघन अभियान फाल्गुनी लक्खी मेले की अवधि को ध्यान में रखते हुए निरंतर जारी रहेगा। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि खाटूश्यामजी आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु स्वयं को सुरक्षित महसूस करे और मेले का आयोजन शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सफल रूप से संपन्न हो सके।
यह भी देखें : लोकार्पण के इंतजार में खाली पड़ी 70 करोड़ की पार्किंग, Jaipur हाईकोर्ट जाम से जनता परेशान



