BJP National President: बीजेपी अध्यक्ष पद पर नितिन नबीन की ताजपोशी हो चुकी है. जेपी नड्डा ने उन्हें अपनी कुर्सी सौंप दी है. इस दौरान बीजेपी मुख्यालय में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित किया. उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि नितिन नबीन को विश्व की सबसे बड़ी पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर बहुत बधाई व शुभकामनाएं देता हूं. बीते कई महीनों से संगठन पर्व यानि पार्टी की छोटी सी इकाई से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनने की व्यापक प्रक्रिया लोकतांत्रिक तरीके से, भाजपा के संविधान की भावना को ध्यान में रखकर लगातार चल रही थी. आज उसका विधि पूर्वक समापन हुआ है. संगठन पर्व का यह विशाल आयोजन भाजपा की लोकतांत्रिक आस्था, संगठनात्मक अनुशासन और कार्यकर्ता केंद्रित सोच का प्रतीक है.
“भाजपा ने शून्य से लेकर शिखर तक का सफर देखा”
पीएम मोदी ने कहा कि अटल जी, आडवाणी जी और मुरली मनोहर जोशी जी के नेतृत्व में भाजपा ने शून्य से लेकर शिखर तक का सफर देखा है. इस सदी में वेंकैया नायडू और नितिन गडकरी सहित हमारे कई साथियों ने संगठन को विस्तार दिया है. राजनाथ सिंह के नेतृत्व में पहली बार भाजपा ने अपने दम पर पूर्ण बहुमत हासिल किया. फिर अमित शाह के नेतृत्व में देश के अनेक राज्यों में भाजपा की सरकार बनी. फिर जे.पी. नड्डा के नेतृत्व में भाजपा पंचायत से संसद तक और सशक्त हुई. मैं पूर्व के सभी अध्यक्षों का बहुत-बहुत अभिनंदन करता हूं. उन्होंने कहा कि यह 21वीं सदी है और देखते ही देखते 21वीं सदी के पहले 25 वर्ष तो पूरे भी हो चुके हैं, आने वाले 25 वर्ष बहुत महत्वपूर्ण है. यह वह कालखंड है जब विकसित भारत का निर्माण होना है और होना तय है. इस महत्वपूर्ण कालखंड की शुरुआत में नितिन नबीन भाजपा की विरासत को आगे बढ़ाएंगे. आजकल के युवाओं की भाषा में, नितिन नबीन खुद भी एक प्रकार से ‘मिलेनियल’ हैं, वे उस पीढ़ी से हैं जिसने भारत में बड़े आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी परिवर्तन होते देखे हैं.
उन्होंने कहा कि इस वर्ष जनसंघ की स्थापना को 75 वर्ष हो रहे हैं. इन 75 वर्षों में लगातार लक्षवेधी कार्यकर्ताओं ने, अनेक परिवारों ने, अनेक पीढ़ियों ने जो त्याग, तपस्या या बलिदान दिए हैं मैं उन्हें आदरपूर्ण नमन करता हूं. जनसंघ रूपी वटवृक्ष ,से ही भाजपा का जन्म हुआ और भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन चुकी है. ये सिर्फ भाजपा के कार्यकर्ताओं के लिए गौरव का विषय है, इतना नहीं है. देश के राजनीतिक समीक्षकों को दुनिया को ये बात बतानी चाहिए कि भारत एक ऐसा देश है जिसकी रगों में इसकी मजबूती से लोकतंत्र चल रहा है कि जहां दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है.
यह भी पढ़ें: नितिन नबीन बने सबसे कम उम्र के BJP अध्यक्ष, नड्डा का सक्सेस रेट बरकरार रखना सबसे बड़ा चैलेंज
“यहां ‘मेंबरशिप’ से भी ज्यादा ‘रिलेशनशिप’ होती है”
पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा एक संस्कार है. भाजपा एक परिवार है. हमारे यहां ‘मेंबरशिप’ से भी ज्यादा ‘रिलेशनशिप’ होती है. भाजपा एक ऐसी परंपरा है जो पद से नहीं प्रक्रिया से चलती है. हमारे यहां पदभार एक व्यवस्था है और कार्यभार जीवन भर की जिम्मेदारी है. हमारे यहां अध्यक्ष बदलते हैं लेकिन आदर्श नहीं बदलते. नेतृत्व बदलता है लेकिन दिशा नहीं बदलती. उन्होंने कहा कि जनता की सेवा हमारे लिए हमेशा सर्वोपरि रही है. हमने सत्ता को सुख का नहीं बल्कि सेवा का माध्यम बनाया है इसलिए भाजपा पर जनता का विश्वास निरंतर मजबूत होता गया है. अगर बीते 11 वर्षों की ही बात करें तो भाजपा की यात्रा जनविश्वास अर्जित करने की अद्भुत यात्रा रही है. बीते 11 वर्षों में भाजपा ने हरियाणा, असम, त्रिपुरा और ओडिशा में पहली बार अपने सामर्थ्य से सरकार बनाई. पश्चिम बंगाल और तेलंगाना में भाजपा जनता की एक बड़ी आवाज़ बनकर उभरी है.
“आज भाजपा सुशासन की पार्टी भी है”
प्रधानमंत्री ने कहा कि कभी भाजपा ने एक अलग तरह की पार्टी के रूप में अपनी यात्रा शुरु की थी. आज भाजपा सुशासन की पार्टी भी है. देश ने आज़ादी के बाद शासन के अलग-अलग मॉडल देखे हैं, कांग्रेस के परिवारवाद का मॉडल, लेफ्ट का मॉडल, क्षेत्रीय दलों का मॉडल, अस्थिर सरकारों का दौर. लेकिन आज देश, स्थिरता, सुशासन और संवेदनशीलता वाला भाजपा का विकास मॉडल देख रहा है. ये भाजपा ही है जिसने सामाजिक न्याय के नारे को सच्चे स्वरूप में जमीन पर उतारा है. हमने गरीब कल्याण की योजनाओं को सरकारी फाइलों से निकालकर गरीब के घर तक पहुंचाया है. आजादी के 70 वर्ष बाद सिर्फ तीन करोड़ ग्रामीण परिवारों तक ही पाइप से पानी पहुंच पाया था. माताओं बहनों की पीड़ा, पानी के लिए उनके संघर्ष की सुध लेने वाला कोई नहीं था. दर्द मैंने देखा है, मैं धरती की सच्चाई से जुड़ा था. माताओं-बहनों की पीड़ा, अपनी आंखों के सामने देखी थी और तब हम जल जीवन मिशन लेकर आए हैं. सिर्फ 5-6 साल में 12 करोड़ से ज्यादा परिवारों को नल से जल की सुविधा से जोड़ा गया है.
“कांग्रेस अपने घंघोर पतन की समीक्षा नहीं करती”
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस अपने इस घंघोर पतन की समीक्षा नहीं करती क्योंकि अगर समीक्षा करेंगे तो फिर उसी परिवार पर सवाल उठेंगे जिसने कांग्रेस पर कब्ज़ा कर रखा है इसलिए ये बहाने ढूंढते रहते हैं. दूसरी तरफ भाजपा है, हम हार और जीत के बाद समीक्षा करते हैं. मैं फिर महाराष्ट्र चुनाव नतीजों का उदाहरण दूंगा, महाराष्ट्र में निकाय चुनाव में जीतने के बाद हम जश्न में नहीं डूबे, उसी दिन से हमारे महाराष्ट्र के कार्यकर्ताओं ने आने वाले पंचायत चुनाव की तैयारियों के लिए बैठक शुरू कर दी थी.



