Asaduddin Owaisi: AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर सियासत लगातार बढ़ती जा रही है. जिसपर विभिन्न राजनेताओं की प्रतिक्रिया आ रही है. उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि भारत की परंपराओं और संस्कृति का पालन करने वाली, घूंघट में रहने वाली कोई बेटी प्रधानमंत्री बन भी सकती है और बनेगी भी, मुख्यमंत्री बन भी सकती है और बनेगी भी लेकिन ओवैसी का सपना कभी साकार होने वाला नहीं है. बता दें कि महाराष्ट्र के सोलापुर में 9 जनवरी को एक जनसभा को संबोधित करते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने कहा था कि एक दिन ऐसा आएगा, जब हिजाब पहनी बेटी इस देश की प्रधानमंत्री बनेगी.
“वे चाहते हैं उनका वोट बैंक बना रहे“
ओवैसी के बयान पर भाजपा सांसद मनन कुमार मिश्रा ने कहा कि क्या हिजाब पहनने वाली कोई महिला बांग्लादेश की प्रधानमंत्री हुईं? या पाकिस्तान में रहीं? मुस्लिम देशों में भी जो महिलाएं राज्य प्रमुख चुनकर गई हैं उन्होंने भी हिजाब नहीं अपनाया. कहीं भी हिजाब पहनने की बात है नहीं. ओवैसी जैसे सिरफिरे लोग हैं जिनका काम लोगों को बरगलाना है. वे चाहते हैं कि उनका वोट बैंक बना रहे.
यह भी पढ़ें: “बार-बार पाकिस्तान परस्ती क्यों?” मणिशंकर अय्यर के हिंदुत्व वाले बयान पर CM यादव का पलटवार
“उनकी धमकियों से डरते नहीं“
वहीं केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि AIMIM नेताओं, ओवैसी भाइयों ने धमकी देना शुरू कर दिया है. मैं ओवैसी भाइयों से कहना चाहता हूं कि लोग उनकी धमकियों से डरते नहीं हैं. असदुद्दीन ओवैसी कहते हैं कि हिजाब पहनने वाली महिला को भारत की प्रधानमंत्री होना चाहिए. क्या वे पाकिस्तान जाकर यह मांग करते कि पाकिस्तान का PM किसी हिंदू को बनाया जाए? भारत में लोकतंत्र है और यहां APJ अब्दुल कलाम भी राष्ट्रपति बने थे.
“वे मुस्लिम के हितैषी नहीं हैं“
कांग्रेस सांसद किशोरी लाल शर्मा ने कहा कि ये सभी भाजपा द्वारा खड़े किए गए लोग हैं जो इस तरह के बयान देते हैं और जिस पर वे(भाजपा) जवाब देते हैं. जो मुस्लिम है वे मुस्लिम के हितैषी नहीं हैं और जो हिंदू हैं वो हिंदुओं के हितैषी नहीं हैं. ये केवल मुद्दा बनाने के लिए किया जाता है.



