Jaipur: राजधानी जयपुर में अजमेर रोड पर एक बार फिर भीषण आग की घटना सामने आई है। सोमवार शाम भांकरोटा थाना क्षेत्र में महापुरा मोड़ के पास स्थित राजेश मोटर्स के JCB वर्कशॉप में अचानक आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि 5 किलोमीटर दूर तक धुएं के गुबार दिखाई देने लगे, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना स्थल के ठीक पास डी-मार्ट, धराव स्कूल और तीन पेट्रोल पंप स्थित हैं। सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत अजमेर रोड की एक लेन पर यातायात रोक दिया और आसपास के पेट्रोल पंपों को अस्थायी रूप से बंद करवाया गया।
वर्कशॉप में मौजूद 80 कर्मचारी, 12 का रेस्क्यू
घटना के समय JCB कंपनी परिसर में करीब 80 अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे। आग लगते ही कर्मचारियों ने बाहर भागकर जान बचाई। हालांकि, 12 कर्मचारी वर्कशॉप के अंदर फंस गए, जिन्हें सिविल डिफेंस की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला। वर्कशॉप में रखा फर्नीचर, टायर, महत्वपूर्ण दस्तावेज, लगभग 5000 लीटर केमिकल, ग्रीस, तेल, कई जेसीबी मशीनें और उनके पार्ट्स पूरी तरह जलकर राख हो गए।
15 दमकल गाड़ियों ने 2 घंटे में पाया काबू
सूचना मिलते ही भांकरोटा थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की 15 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों को आग पर काबू पाने में करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। रात करीब 10 बजे वर्कशॉप के एक हिस्से में दोबारा आग भड़क उठी, जिसे मौके पर मौजूद टीम ने तुरंत बुझा दिया। हालांकि देर रात तक केमिकल और ऑयल से भरे ड्रम रुक-रुककर जलते रहे, जिससे फायर ब्रिगेड को मौके पर ही तैनात रहना पड़ा।
थानाप्रभारी का बयान
भांकरोटा थानाप्रभारी श्रीनिवास जांगिड़ ने बताया कि शाम करीब साढ़े पांच बजे JCB वर्कशॉप के एक हिस्से में आग लगी। शुरुआत में धुएं का गुबार उठा और कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया। कर्मचारियों ने फायर सेफ्टी सिस्टम का इस्तेमाल कर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैल गई।
स्थानीय लोगों में दहशत
स्थानीय निवासियों ने बताया कि आग की लपटें और धुआं उनके घरों से साफ दिखाई दे रहा था। एक निवासी ने कहा कि यह हादसा उतना ही भयानक लग रहा था, जितना पहले इसी इलाके में हुए एलपीजी टैंकर ब्लास्ट का दृश्य। जब फायर ब्रिगेड के वाहनों में पानी खत्म हुआ तो आसपास के लोगों ने टैंकरों में पानी भरवाने में मदद की। गौरतलब है कि यह वही इलाका है, जहां कुछ समय पहले एलपीजी टैंकर में भीषण ब्लास्ट हुआ था। बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं ने प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढें:
बांग्लादेश की पूर्व पीएम बेगम खालिदा जिया का निधन, पीएम मोदी ने जताया शोक



