e-Aadhar: आज किसी दस्तावेज की फिजिकल कॉपी लेकर जाने का विकल्प पुराना हो गया है, क्योंकि ई-कॉपी और डिजिटल कॉपी के जरिए दस्तावेज को स्मार्टफोन,टैबलेट और लैपटॉप आदि में रखा जा सकता है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने आधार को ज्यादा सरल बनाते हुए e-Aadhaar की पेशकश की हुई है। e-Aadhaar एक पासवर्ड प्रोटेक्टेड इलेक्ट्रॉनिक कॉपी होती है, जिसका उपयोग आप प्रमाणीकरण के लिए कर सकते हैं। डिजिटल आधार का उपयोग पहचान और पते के प्रूफ के तौर पर किया जा सकता है। अगर आप बैंक में अकाउंट खुलवाने जा रहे हैं, टिकट बुक कर रहे हैं या फिर सरकारी कार्य कर रहे हैं तो ई-आधार हर जगह काम आता है और आपको आधार की कॉपी जेब में रखकर घूमने की भी जरूरत नहीं है। ई-आधार को आसानी से डाउनलोड किया जा सकता है और उपयोग किया जा सकता है। आइए जानते हैं।
e-Aadhaar क्या है?
e-Aadhaar आपके आधार कार्ड का एक पासवर्ड प्रोटेक्टेड पीडीएफ वर्जन है। ई-आधार को भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) द्वारा डिजिटल साइन किया जाता है, जिससे यह फिजिकल आधार कार्ड के बराबर ही काम करता है और देश भर में हर जगह पहचान प्रमाण के तौर पर उपयोग किया जा सकता है। ई-आधार में सभी जरूरी जानकारी जैसे कि आधार नंबर, फोटो, इंस्टेंट वेरिफिकेशन के लिए क्यूआर कोड और जनसांख्यिकीय विवरण शामिल होता है। आपको बता दें कि ई-आधार एक फाइल पासवर्ड से सुरक्षित है। पासवर्ड का फॉर्मेट आपके नाम के पहले चार अक्षर (बड़े अक्षरों में) + जन्म वर्ष है। जैसे कि अगर आपका नाम Deepak Gupta है और आपका जन्म वर्ष 1994 है तो पासवर्ड DEEP1994 होगा।
ई-आधार कैसे करें डाउनलोड:
ऑप्शन 1: UIDAI वेबसाइट के जरिए
सबसे पहले आपको UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना है।
उसके बाद ‘डाउनलोड आधार’ विकल्प पर क्लिक करना है।
फिर आपको अपना आधार नंबर, एनरोलमेंट आईडी (EID) या वर्चुअल आईडी (VID) दर्ज करना है।
उसके बाद आपको स्क्रीन पर नजर आ रहे कैप्चा कोड को दर्ज करना है।
अब आपको सेंड ओटीपी ऑप्शन पर क्लिक करना है जो कि आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर भेजा जाएगा।
सबसे आखिर में आपको फोन पर प्राप्त हुआ ओटीपी दर्ज करना है और अपना ई-आधार पीडीएफ डाउनलोड करना है।
यह भी पढ़ें: Gmail अब खुद लिखेगा, समझेगा और मैनेज करेगा आपके ईमेल!
ऑप्शन 2: mAadhaar ऐप के जरिए
सबसे पहले आपको अपने फोन में गूगल प्ले या एप्पल ऐप स्टोर से mAadhaar ऐप डाउनलोड करना है।
अब आपको अपना आधार विवरण दर्ज करना है और लॉग इन करना है।
फिर आपको डाउनलोड आधार ऑप्शन का चयन करना है।
उसके बाद आपको अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर प्राप्त हुए ओटीपी को दर्ज करके प्रमाणीकरण करना है।
अब आपको अपने ई-आधार की पीडीएफ कॉपी सेव करनी है।
यह भी देखें : जयपुर में डंपर के बाद ऑडी बनी ‘यमराज’, 16 लोगों को रौंदती चली गई कार



