Tonk- राजस्थान के टोंक जिले में कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान बड़ा विवाद खड़ा हो गया। दरअसल, मामला निवाई क्षेत्र के करेड़ा बुजुर्ग गांव में बीते रविवार को पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया कंबल बांट रहे थे। इस दौरान कार्यक्रम में मुस्लिम समुदाय की महिलाएं भी शामिल थीं. आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान कुछ महिलाओं से धर्म के आधार पर भेदभाव करते हुए उन्हें दिए गए कंबल वापस ले लिए गए। जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
मुस्लिम महिलाओं को देखकर भड़के पूर्व सांसद.
वायरल वीडियो में नजर आ रहा है कि कंबल वितरण के दौरान पूर्व सांसद ने एक महिला से उसका नाम पूछा. जिसके बाद महिला ने अपना नाम सकुरान खान बताया. बस महिला के इतना बताते ही माहौल अचानक बदल गया. आरोप है कि पूर्व बीजेपी सांसद मुस्लिम महिला का नाम सुनते ही भड़क गए और कहा कि जो लोग प्रधानमंत्री को गाली देते हैं, उन्हें कंबल लेने का हक नहीं है. उन्होंने महिला से कंबल वहीं छोड़कर एक तरफ हटने के लिए कह दिया।
इतना ही नहीं, इसके बाद अन्य मुस्लिम महिलाओं को भी दिए गए कंबल वापस लेने की बात सामने आ रही है। हालांकि, इस दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश भी की, लेकिन पूर्व सांसद ने इसे अपना निजी कार्यक्रम बताते हुए किसी तरह की बहस से इनकार कर दिया। गांव की बुजुर्ग महिला सकुरान, रजिया और जुबैदा जमी का आरोप है कि पहले उन्हें सम्मान के साथ कंबल दे दिया गया था, लेकिन जब उनकी पहचान मुस्लिम के रूप में हुई तो उनसे कंबल वापस ले लिए गए. महिलाओं का कहना है कि उन्हें काफी अपमानित महसूस हुआ. उन्होंने आगे कहा कि वे जरूरतमंद हैं और सर्दी से बचाव के लिए कंबल लेने आई थीं. धर्म के आधार पर किसी तरह का भेदभाव नहीं होना चाहिए. उन्होंने कहा कि उन्हें सार्वजनिक रूप से अलग कर दिया गया, जिससे उन्हें ठेस पहुंची.
यह भी पढ़ें: NSUI के अध्यक्ष विनोद जाखड़ हुए सक्रिय, सचिन पायलट के क्षेत्र में किया टीम में बदलाव
जौनपुरिया ने कार्यक्रम को निजी बताया
वहीं, पूर्व सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया ने कार्यक्रम को निजी बताया… उनका कहना है कि आयोजित किया गया कार्यक्रम कोई सरकारी योजना का हिस्सा नहीं था. इसलिए उन्हें यह अधिकार है कि वे अपने कार्यक्रम में किसे बुलाएं और किसे नहीं. उन्होंने आगे कहा कि इसमें किसी तरह की राजनीति नहीं है. अगर स्थानीय कार्यकर्ता किसी को बुलाकर बैठाना चाहते हैं तो बैठा सकते हैं, लेकिन कार्यक्रम उनका व्यक्तिगत था.वहीं, घटना के बाद पूर्व सांसद का ये वीडियो पूरे प्रदेश में छा गया है, पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी पूर्व सांसद के इस कृत्य पर सवाल उठाया है। जिसके बाद से सोशल मीडिया पर भी लोग तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं।
यह भी देखें : मुस्लिम महिला का नाम पूछा और वापस ले लिया कंबल, अब ट्रोल हो रहे बीजेपी के पूर्व सांसद।



