Nitin Nabin : राजस्थान में भजनलाल सरकार नगर निकाय चुनाव के बाद अब पंचायत चुनाव की तैयारी में जुट गई है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शुक्रवार को जयपुर के दादिया में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर होने वाले सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसी कार्यक्रम से भाजपा पंचायत चुनाव अभियान की शुरुआत करेगी। नितिन नवीन दादिया से 90 प्रचार रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। सम्मेलन में प्रदेशभर से करीब 75,100 लोगों को लाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए अलग-अलग जिलों से 1502 बसें लाने के लिए टारगेट रखा गया है। परिवहन विभाग को आरटीओ के माध्यम से बसों की व्यवस्था करने के लिए कहा गया है। सबसे ज्यादा 200 बसें जयपुर जिले से और इनमें करीब 10 हजार लोगों को लाने का लक्ष्य है।
41 जिलों से बसें और लोगों को लाने का टारगेट
कार्यक्रम के लिए तैयार की गई लिस्ट में 41 जिलों से बसों और लोगों की संख्या का लक्ष्य दिया गया है। अजमेर और अलवर से 100-100 बसें, टोंक, दौसा और भरतपुर से 60-60 बसें, सीकर और पाली से 50-50 बसें लाने का लक्ष्य है। कोटा, जोधपुर और ब्यावर से 40-40 बसें लाई जाएंगी। सबसे कम बसों का लक्ष्य जैसलमेर के लिए रखा गया है। यहां से 5 बसों में 250 लोगों को लाने का लक्ष्य है।
पंचायतों तक जाएंगे 90 प्रचार रथ
दादिया सम्मेलन में नितिन नवीन 90 प्रचार रथ रवाना करेंगे। ये रथ प्रदेश की पंचायतों तक जाएंगे। इनके जरिए केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएंगी। दादिया कार्यक्रम के बाद नितिन नवीन दोपहर में बिड़ला ऑडिटोरियम में युवाओं से संवाद करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनका यह करीब पांच महीने में दूसरा राजस्थान दौरा है। इससे पहले वे 27 अप्रैल को टोंक और जयपुर आए थे।
यह भी देखें – माचड़ा जमीन कांड: रिकॉर्ड कुछ और, पटवारी रिपोर्ट कुछ और! अब खुलेगा जमीन के खेल का सच



