Mausam : राजस्थान केसीमावर्ती 4 जिलों चूरू, श्रीगंगानगर, बीकानेर और सीकर में शनिवार दोपहर रेतीला तूफान आया है। इसके कारण दिन में ही अंधेरा छा गया। बताया जाता है कि 60-80 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चली। मौसम विभाग के अनुसार पाकिस्तान से उठे तूफान का असर राजस्थान के बॉर्डर वाले जिलों पर हुआ है।
दिन हुआ अंधेरा
राज्य के बॉर्डर वाले जिलों में आए आंधी भरे तूफान के कारण दिन में अंधेरा छा गया और लोगों को वाहनों की हेडलाइट जलानी पड़ गई। लोग भागकर घरों में जाते दिखे और घरों को बंद कर लिया। स्थानीय लोगों ने कहा कि ऐसा रेतीला तूफान पहले कभी नहीं देखा।
कई जिलों में बारिश
उदयपुर सहित कई जिलों में शनिवार सुबह बारिश हुई। बॉर्डर वाले जिले श्रीगंगानगर में सुबह करीब 11 बजे आई आंधी के कारण शहर में धूल छा गई। कई जगह रेत का बवंडर जैसा सीन नजर आया। ऐसा ही नजारा चूरू और बीकानेर में भी दिखा। धूल का गुबार सीकर जिले के फतेहपुर और लक्ष्मणगढ़ एरिया में भी छाया।
मानसून 7 दिनों में केरलम पहुंचेगा
मौसम विभाग ने बताया कि मानसून अगले 7 दिनों में केरलम पहुंच सकता है। हालांकि विभाग ने इस साल मानसून के सामान्य से कमजोर रहने का अनुमान भी जताया है। आईएमडी के मुताबिक जून से सितंबर तक देश में औसतन सामान्य से कम बारिश हो सकती है। इस बार मानसून सीजन में 78 सेंटीमीटर बारिश होने का अनुमान है। देश में सामान्य मानसूनी बारिश का औसत 87 सेंटीमीटर माना जाता है। मौसम विभाग ने कहा कि बिहार, यूपी में सामान्य बारिश हो सकती है, लेकिन बाकी कई हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होने की आशंका है। खासकर बारिश पर निर्भर खेती वाले इलाकों में मानसून कमजोर रह सकता है।



