Fire in Factory : जयपुर जिले के बगरू रीको औद्योगिक क्षेत्र में स्थित रोहित पॉली प्रोडक्ट्स फैक्ट्री के गोदाम में अचानक आग लग गई। भीषण आग लगने के कारण फैक्ट्री से उठता धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगा। आग लगने के समय गोदाम में करीब एक दर्जन मजदूर मौजूद थे। सभी मजदूर प्रभावित गोदाम के इलाके से सुरक्षित बाहर निकल गए। इससे बड़ा हादसा टल गया।
छह से ज्यादा दमकलों ने संभाला मोर्चा
फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिलते ही बगरू नगर पालिका, रीको दमकल विभाग सहित अन्य स्थानों से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की लपटें लगातार बढ़ती देख अतिरिक्त दमकल वाहनों को भी बुलाया गया। करीब छह से ज्यादा दमकल की गाड़ियों ने दो घंटे से अधिक समय तक मशक्कत की, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका।
पुलिस ने मौके पर संभाला मोर्चा
आग की सूचना मिलते ही बगरू थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आग बढ़ने के साथ फैक्ट्री के आसपास लोगों की भीड़ जुटने लगी। पुलिस ने मौके पर भीड़ को नियंत्रित किया और लोगों को आग प्रभावित क्षेत्र से दूर रखा। बगरू थानाधिकारी चंद्रभान ने बताया कि रोहित पॉली प्रोडक्ट्स फैक्ट्री के गोदाम में करीब साढ़े चार बजे आग लगी थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आग की लपटें बढ़ने के कारण बगरू नगर पालिका, रीको दमकल विभाग और अन्य स्थानों से दमकल की गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं। छह से अधिक दमकल वाहनों की करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
5 से 7 किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया धुआं
फैक्ट्री में लगी आग इतनी तेज थी कि उससे उठता धुआं करीब 5 से 7 किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। धुएं का गुबार देखकर आसपास के इलाकों में भी लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं आग से फैक्ट्री में हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें –डोटासरा बोले- पंचायत चुनाव से भाग रही भाजपा? निकाय चुनाव के झटके के बाद गांवों में हार का डर
यह भी देखें –राजस्थान निकाय चुनाव: 2028 की सियासी किताब खुली! BJP आगे, कांग्रेस पीछे | निर्दलीय गेमचेंजर


