Shia Muslims : ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्ला खामेनेई की मौत की सूचना से प्रदेश के शिया मुस्लिम समुदाय में शोक की लहर छा गई। बता दें कि ईरान एक शिया मुस्लिम बाहुल्य देश है और आयतुल्ला खामनेई दुनिया भर के शिया समुदाय में विशेष स्थान रखते थे। अजमेर के शिया समुदाय ने तीन दिवसीय शोक मनाने की घोषणा की है। शोक के दिनों में सामान्य उत्सवों से दूर रहने, मातम मनाने का आह्वान किया है। शिया मुस्लिम महासभा के महासचिव सैय्यद आसिफ अली ने इस संबंध में जानकारी दी।
शोक सभा आयोजित
अजमेर में शिया समुदाय ने इस शोक को व्यक्त करने के लिए विशेष सभाएं आयोजित कीं। दोराई स्थित दरगाह हजरत अब्बास अलैहिस्सलाम और तारागढ़ की दरगाह शरीफ में शहीद अयातुल्ला सैय्यद अली खामेनेई की याद में शोक सभाएं रखी गईं। इन सभाओं में शिया समुदाय के लोग शामिल हुए, जहां दुआएं पढ़ी गईं और उनकी शहादत पर गहन दुख व्यक्त किया गया। मौलाना सैय्यद काजिम अली जैदी ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि अयातुल्ला खामेनेई की शहादत इस्लामी क्रांति और मुसलमानों के प्रतिरोध की एक बड़ी क्षति है। उन्होंने समुदाय से एकजुट रहने और उनके विचारों को आगे बढ़ाने का आग्रह किया।
शिया समुदाय में शोक की लहर
राजस्थान शिया मुस्लिम महासभा के इस फैसले से राज्य भर के शिया समुदाय में शोक की लहर है। महासभा ने समुदाय के सदस्यों से तीन दिनों तक सामान्य उत्सवों से दूर रहने, मातम मनाने का अनुरोध किया है।



