Health: मौसम बदलते ही खांसी की समस्या आम हो जाती है, खासकर बच्चों और बुजुर्गों में। सर्दियों की ठंडी हवा और सूखा मौसम गले में खराश पैदा कर देता है, जिससे रात में खांसी ज्यादा परेशान करती है। कई बार रात की खांसी इतनी तेज होती है कि नींद तक उड़ जाती है।
दवा नहीं तो घबराएं नहीं
अगर घर में खांसी का सिरप या दवा मौजूद नहीं है, तो घबराने की जरूरत नहीं। दादी-नानी के पुराने घरेलू नुस्खे आज भी उतने ही असरदार माने जाते हैं। ये नुस्खे आसानी से घर में उपलब्ध चीजों से तैयार हो जाते हैं और गले को आराम देते हैं।
शहद और अदरक से गले को मिले सुकून
तेज खांसी और गले की जलन में शहद और अदरक का मिश्रण काफी फायदेमंद माना जाता है।एक चम्मच शहद में आधा चम्मच अदरक का रस मिलाएं और इसे धीरे-धीरे चाटें। इससे गले की खराश कम होती है और खांसी शांत होने लगती है।
लौंग से मिले तुरंत राहत
किचन में रखी लौंग भी खांसी में बहुत काम आती है। एक लौंग को दांतों के बीच हल्के से दबाकर धीरे-धीरे चूसें। इससे गले में गर्माहट आती है और बार-बार आने वाली खांसी में राहत मिलती है। ध्यान रखें, लौंग को चबाना नहीं है।
हल्दी वाला दूध, पुराना लेकिन असरदार उपाय
खांसी में हल्दी वाला दूध वर्षों से आजमाया जा रहा घरेलू नुस्खा है। एक गिलास गर्म दूध में आधा चम्मच हल्दी और एक चुटकी काली मिर्च मिलाएं। इसे सोने से करीब आधा घंटा पहले पी लें। इससे गले की सूजन कम होती है और रात की खांसी में आराम मिलता है।
बच्चों और बड़ों दोनों के लिए फायदेमंद
ये घरेलू नुस्खे बच्चों और बड़ों दोनों के लिए उपयोगी माने जाते हैं। हालांकि, अगर खांसी लंबे समय तक बनी रहे या ज्यादा बढ़ जाए, तो डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।



