NEET UG 2026: मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 की तैयारी कर रहे लाखों छात्रों के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने एक जरूरी एडवाइजरी जारी की है। NTA ने सभी उम्मीदवारों को सलाह दी है कि ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरने से पहले अपने आधार कार्ड, UDID कार्ड (दिव्यांगों के लिए) और कैटेगरी सर्टिफिकेट को पूरी तरह अपडेट और वैलिड कर लें। गलत या पुरानी जानकारी होने पर आवेदन रिजेक्ट हो सकता है, जिससे काउंसलिंग या एडमिशन में बड़ी समस्या हो सकती है।
आधार कार्ड को लेकर NTA की सलाह
NTA के अनुसार, उम्मीदवार का आधार कार्ड पूरी तरह वैलिड और अपडेटेड होना चाहिए। आधार में निम्नलिखित डिटेल्स सही होनी जरूरी हैं:
- नाम
- जन्म तिथि (क्लास 10 सर्टिफिकेट के अनुसार)
- जेंडर
- फोटोग्राफ
- पता
- बायोमेट्रिक जानकारी (जहां लागू हो)
अगर इनमें कोई गड़बड़ी हुई तो आवेदन फॉर्म रिजेक्ट हो सकता है या बाद में वेरिफिकेशन के समय दिक्कत आएगी। आधार अपडेट uidai.gov.in या myaadhaar.uidai.gov.in पर ऑनलाइन या नजदीकी आधार केंद्र पर करवाएं।
दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए UDID कार्ड
PwD (Persons with Disabilities) कैटेगरी के उम्मीदवारों को अपना UDID कार्ड वैलिड, अपडेटेड और रिन्यूड (जहां जरूरी हो) रखना चाहिए। पुराना या एक्सपायर्ड UDID इस्तेमाल करने से वेरिफिकेशन में समस्या हो सकती है और आरक्षण का लाभ नहीं मिलेगा।
कैटेगरी सर्टिफिकेट की वैधता
SC, ST, OBC-NCL और EWS कैटेगरी के उम्मीदवारों को अपना सर्टिफिकेट पूरी तरह वैलिड रखना होगा। खासकर OBC-NCL और EWS सर्टिफिकेट निर्धारित फॉर्मेट और हाल की तारीख में जारी होने चाहिए। पुराने या अमान्य सर्टिफिकेट से आरक्षण लाभ रद्द हो सकता है।
NEET UG 2026 परीक्षा कब होगी?
पिछले ट्रेंड्स के अनुसार, NEET UG 2026 परीक्षा मई 2026 के पहले रविवार (संभावित 3 मई 2026) को हो सकती है। रजिस्ट्रेशन फरवरी 2026 में शुरू होने की उम्मीद है। आधिकारिक तारीखें और नोटिफिकेशन जल्द neet.nta.nic.in पर जारी किया जाएगा।
आवेदन प्रक्रिया कैसे पूरी करें?
- आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in या nta.ac.in पर जाएं।
- NEET UG 2026रजिस्ट्रेशन लिंक पर क्लिक करें।
- नई रजिस्ट्रेशन करें और जरूरी डिटेल्स भरें।
- आवेदन फॉर्म पूरा भरें, दस्तावेज अपलोड करें।
- आवेदन शुल्क ऑनलाइन जमा करें।
- फॉर्म सबमिट करें और कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड करें।
NTA ने साफ कहा है कि दस्तावेजों में कोई गड़बड़ी न हो, वरना आवेदन रद्द हो सकता है। सभी उम्मीदवारों को सलाह है कि रजिस्ट्रेशन शुरू होने से पहले सभी डॉक्यूमेंट्स चेक और अपडेट कर लें। लेटेस्ट अपडेट्स के लिए नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट चेक करें।



