PM Modi and Israel: कई तरह के कयासों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन के दौरे पर इजराइल पहुंच गए हैं। राजनीति के जानकार PM मोदी की इजरायल यात्रा को अमेरिका और ईरान के बीच तनाव और भारत और इजरायल के बीच रक्षा सौदे को फाइनल करने के लिए PM का दौरा मान रहे हैं। इजराइली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा नेतन्याहू ने एयरपोर्ट पर मोदी को रिसीव किया। इस दौरान राष्ट्रगान के साथ पीएम का स्वागत किया गया। इसके बाद PM मोदी और नेतन्याहू ने राजधानी तेल अवीव में प्राइवेट बातचीत भी की। मोदी 9 साल बाद इजराइल पहुंचे हैं। इससे पहले वे जुलाई 2017 में गए थे। मोदी आज इजराइल की संसद को भी संबोधित करेंगे। वे ऐसा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री होंगे। इसके अलावा वे भारतीय समुदाय के कार्यक्रम में भी शामिल होंगे और टेक्नोलॉजी प्रदर्शनी का दौरा करेंगे।
भारत-इजराइल में हथियारों की डील पर बातचीत संभव
PM मोदी के इस दौरे पर भारत और इजराइल के हथियारों से जुड़ी डील पर बातचीत की संभावना है। इनमें ड्रोन और एंटी बैलिस्टिक मिसाइल सिस्टम शामिल हैं। इजराइली अखबार, द जेरूसलम पोस्ट ने पीएम मोदी के दौरे पर उनके स्वागत के लिए एक खास फ्रंट पेज छापा। फ्रंट पेज पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर के साथ हिंदी में लिखा ‘नमस्ते’ नजर आ रहा है। वहीं उसके बगल में हिब्रु भाषा में भी ‘शालोम’ लिखा है, जिसका मतलब हेलो या नमस्ते है। इसका दूसरा अर्थ शांति भी होता है।
मोदी के भाषण का बहिष्कार कर सकता है इजराइली विपक्ष
दूसरी ओर इजराइली संसद में होने वाला मोदी का भाषण घरेलू राजनीति के विवाद में घिर गया है। इजराइल का विपक्ष बुधवार को संसद के विशेष सत्र का बहिष्कार करने की योजना बना रहा है। विवाद सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस आइजैक अमीत को आमंत्रित न किए जाने को लेकर है। इजराइली मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, संसद स्पीकर अमीर ओहाना ने विशेष सत्र में सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस को आमंत्रित नहीं किया है। परंपरा के मुताबिक ऐसे औपचारिक सत्रों में चीफ जस्टिस को बुलाया जाता है। इसे लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव तेज हो गया है। विपक्षी नेता और पूर्व प्रधानमंत्री येर लैपिड ने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस का बहिष्कार दरअसल विपक्ष का भी बहिष्कार है। लैपिड ने कहा कि वे भारत को शर्मिंदा नहीं करना चाहते, जहां 1.5 अरब आबादी वाले देश का प्रधानमंत्री आधी खाली संसद को संबोधित करे।
यह भी पढ़ें : पुलिस जुटा रही सबूत उधर शंकराचार्य बोले- हिंदुत्व खतरे में है, सिर्फ ड्रेस पहनकर खुद को हिंदू बता रहे
कल यहूदियों के नरसंहार से जुड़े स्मारक जाएंगे मोदी
दौरे के दूसरे दिन PM मोदी 26 फरवरी को इजराइल के ऐतिहासिक होलोकॉस्ट स्मारक ‘यद वाशेम’ जाएंगे। यह स्मारक जर्मनी में हिटलर के नाजी शासन में मारे गए 60 लाख से अधिक यहूदियों की याद में बना है। इनमें करीब 15 लाख बच्चे भी शामिल थे। स्मारक परिसर में पीड़ितों के नामों, दस्तावेजों और ऐतिहासिक अभिलेखों का विशाल संग्रह है। यहां रखी ‘बुक ऑफ नेम्स’ में लाखों पीड़ितों का विवरण दर्ज है। प्रधानमंत्री इन अभिलेखों का अवलोकन करेंगे और होलोकॉस्ट के पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
यह भी देखें : Jaipur: शिक्षकों ने सरकार के खिलाफ खोला मोर्चा, आंदोलन की चेतावनी



