Share market : शेयर बाजार में आज यानी 24 सितंबर को गिरावट देखने को मिली है। सेंसेक्स करीब 1100 अंक गिरकर 73,700 पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी में भी 350 अंक की गिरावट है। ये 23,100 पर आ गया है। बैंकिंग, मेटल और ऑटो शेयर्स में सबसे ज्यादा बिकवाली है।
बाजार गिरने की बड़ी वजह कच्चा तेल फिर 100 डॉलर के पार
शेयर बाजार गिरने की बड़ी वजह ब्रेंट क्रूड करीब 102 डॉलर प्रति बैरल पहुंचने को माना जा रहा है। ईरान-अमेरिका तनाव और होर्मुज स्ट्रेट को लेकर चिंता से तेल की सप्लाई प्रभावित होने का डर है। महंगा तेल भारत के लिए चिंता है, क्योंकि इससे तेल आयात का खर्च, महंगाई और रुपए पर दबाव बढ़ सकता है।
अमेरिका में बॉन्ड पर ज्यादा रिटर्न मिलने लगा
जानकारों के अनुसार अमेरिका में बॉन्ड यील्ड बढ़ना निवेशकों की चिंता बढ़ा रहा है। 10-साल की अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड बढ़कर 5.11 परसेंट पर पहुंच गई है जो 2007 के बाद का उच्चतम स्तर है। बॉन्ड यील्ड किसी सरकारी बॉन्ड पर मिलने वाला सालाना रिटर्न है, जिसे कोई एक संस्था या सरकार सीधे तय नहीं करती, बल्कि यह बाजार में खरीद-बिक्री और मांग-आपूर्ति से तय होती है। जब निवेशक बॉन्ड बेचते हैं तो बॉन्ड की कीमत घटती है और यील्ड (रिटर्न) बढ़ जाती है। अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दर नीतियां, महंगाई का आंकड़ा और अर्थव्यवस्था की मजबूती इसे सबसे ज्यादा प्रभावित करती हैं। इस यील्ड के बढ़ने से डॉलर में निवेश ज्यादा आकर्षक हो जाता है, जिससे विदेशी निवेशक भारत जैसे उभरते बाजारों से पैसा निकालकर अमेरिका में लगाने लगते हैं।
निवेशकों की वेल्थ 4 लाख करोड़ रुपए घटी
भारतीय शेयर बाजार में आई तेज बिकवाली से निवेशकों की वेल्थ 3.94 लाख करोड़ रुपए घट गई है। कल जब बाजार बंद हुआ था, तब लिस्टेड सभी कंपनियों का कुल मार्केट कैप 485 लाख करोड़ रुपए थे, जो आज दोपहर 3.20 बजे तक घटकर 481 लाख करोड़ रुपए पर आ गया।
यह भी पढ़ें –वित्त-मंत्री बोलीं- रूस से तेल खरीदना हमारी जरुरत, दुनिया के हर कोने से खरीदेंगे
यह भी देखें – माचड़ा जमीन कांड: रिकॉर्ड कुछ और, पटवारी रिपोर्ट कुछ और! अब खुलेगा जमीन के खेल का सच



