West Bengal Elections 2026: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज रविवार को पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर के कंठी दक्षिण में जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने ममता बनर्जी की TMC सरकार पर जमकर हमला बोला. सीएम योगी ने कहा कि वही बंगाल जो कभी भारत की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन था, भारत की अर्थव्यवस्था में जिस बंगाल का योगदान एक-तिहाई से भी अधिक था, आज पहले कांग्रेस ने, फिर वामपंथियों ने और पंद्रह वर्षों में TMC की सरकार ने इस बंगाल को नोंच डाला है. कंगाल बनाकर रख दिया है. यहां पर इस हद तक भ्रष्टाचार होता है. गरीबों के हक का पैसा कटमनी में TMC के गुंडे खा जाते हैं, मछुआरों और किसानों के साथ सिर्फ झूठे वादे किए जाते हैं. यहां विकास नहीं केवल वसूली का तंत्र हावी है. याद कीजिए कि कभी शिक्षा, संस्कृति, कला और उद्यम की भूमि रहा बंगाल आज अपनी पहचान के लिए मोहताज है.
“हिंदुओं को पूरी तरह समाप्त करने की साजिश हो रही”
यूपी सीएम ने आगे कहा कि नौजवानों को रोजगार चाहिए, अन्नदाता को अपनी उपज का अच्छा दाम चाहिए. हर खेत को पानी चाहिए. बंगाल की संस्कृति को सम्मान चाहिए. मां काली का आर्शीवाद तभी प्राप्त होगा जब हम अपनी संस्कृति की रक्षा करेंगे. इसलिए स्वामी विवेकानन्द ने कहा था गर्व से कहो हम हिंदू हैं. आज बंगाल की डेमोग्राफी को चेंज किया जा रहा है. मालदा, मुर्शिदाबाद, दिनाजपुर, नादिया, बीरभूम, हावड़ा जैसे कई ऐसे जनपद हैं जहां ‘हिंदू शून्य’ करने का षड्यंत्र हो रहा है. हिंदुओं को पूरी तरह समाप्त करने की साजिश हो रही है और वहां पर बार-बार हमले होते हैं. दुर्गा पूजा नहीं कर सकते. कोई पर्व त्यौहार से पहले कर्फ्यू लग जाता है. TMC सरकार रामनवमी पर निकलने वाली शोभायात्रा को निकलने से रोकने का काम करती है.
यह भी पढ़ें: “TMC को पाई-पाई का हिसाब देना होगा…” सिलीगुड़ी में PM मोदी का ममता बनर्जी पर हमला
“बुलडोजर उसे ठीक ढंग से जवाब दे देगा”
उन्होंने कहा कि कोलकाता का मेयर चुनौती देता है कहता है कि बंगाल की आधी-आबादी उर्दू बोलेगी, ये बंगाली को समाप्त करना चाहते हैं. TMC की साजिश को सफल नहीं होने देना है. उनको बोले जो लोग कहते हैं कि यहां उर्दू बोली जाएगी. उनको बोलो-जहां उर्दू बोली जाती है वहां जाओ, यहां तो बांग्ला ही बोली जाएगी. यहां की कला, संस्कृति, अध्यात्म के साथ, यहां की बहन-बेटियों के साथ, नौजवानों के रोजगार के साथ जो भी खिलवाड़ करेगा, उत्तर प्रदेश का बुलडोजर उसे ठीक ढंग से जवाब दे देगा. यूपी का बुलडोजर केवल सड़क ही नहीं बनाता माफिया का भी इलाज करता है. बुलडोजर वहीं चल सकता है जहां डबल इंजन की सरकार हो, डबल इंजन की स्पीड़ हो वहीं पर वो चल सकता है और उसी में चलाने की सामर्थ्य होगी.



