Crime News: शादी… भरोसे, साथ और जीवनभर के रिश्ते का सबसे मजबूत वादा मानी जाती है. लेकिन जब इसी रिश्ते में प्यार की जगह धोखा, विश्वासघात पनपने लगे, तो अंजाम इतना भयावह हो सकता है कि हर सुनने वाला सिहर उठे. देश के अलग-अलग राज्यों से सामने आए कई सनसनीखेज मामलों में पत्नियों पर अपने कथित प्रेमियों के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगे हैं… कहीं हनीमून मौत का जाल बना, कहीं नीले ड्रम में लाश छिपाई गई, तो कहीं हादसे और लूट की झूठी कहानी गढ़ी गई. कुछ ऐसे ही मामलों की जिक्र पढ़िए इस खास रिपोर्ट में.
पुणे का केतन अग्रवाल मर्डर केस: महाराष्ट्र के पुणे जिले में रियल एस्टेट कारोबारी केतन विशाल अग्रवाल की मौत ने पूरे राज्य को झकझोर दिया.शुरुआती जांच में इसे एक सड़क हादसा माना गया, लेकिन जैसे-जैसे पुलिस ने घटनास्थल, मोबाइल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी सबूतों की जांच की, मामला हत्या का निकला. जांच में सामने आया कि इस पूरी साजिश की मास्टरमाइंड केतन की मंगेतर सिया गोयल थी. पुलिस के अनुसार, सिया का प्रेम संबंध चेतन बाबूलाल चौधरी से था और दोनों के लिए केतन उनकी राह का सबसे बड़ा रोड़ा बन चुका था. आरोप है कि दोनों ने पहले से योजना बनाकर केतन को सुनसान इलाके में ले जाकर गहरी खाई में धक्का दे दिया और इसे दुर्घटना साबित करने की कोशिश की. घटनास्थल और डिजिटल साक्ष्यों ने पुलिस का शक मजबूत किया. पूछताछ में मिले तथ्यों और सबूतों के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
सोनम रघुवंशी: इंदौर की सोनम रघुवंशी का मामला देश के सबसे चर्चित हनीमून मर्डर केसों में शामिल हो गया. 11 मई 2025 को सोनम की शादी राजा रघुवंशी से हुई थी.शादी के कुछ ही दिनों बाद दोनों हनीमून के लिए मेघालय के शिलॉन्ग पहुंचे, लेकिन यह सफर राजा की जिंदगी का आखिरी सफर बन गया. मेघालय पुलिस की जांच में सामने आया कि सोनम पहले से ही अपने प्रेमी राज कुशवाहा के संपर्क में थी। आरोप है कि दोनों ने मिलकर तीन कॉन्ट्रैक्ट किलर्स को हायर किया और राजा की हत्या की योजना बनाई। रास्ते में धारदार हथियारों से हमला कर राजा की हत्या कर दी गई. घटना के बाद सोनम ने लूटपाट और खुद पर हमले की झूठी कहानी गढ़ी, लेकिन पुलिस को उसके शरीर पर संघर्ष के निशान नहीं मिले. कॉल डिटेल, लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों ने पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया. इसके बाद सोनम, उसके प्रेमी और कथित शूटरों को गिरफ्तार कर लिया गया.
मेरठ का ‘नीला ड्रम’मर्डर: उत्तर प्रदेश के मेरठ में सामने आया ‘नीला ड्रम मर्डर केस’ पूरे देश में चर्चा का विषय बन गया.मुस्कान रस्तोगी ने अपने प्रेमी साहिल शुक्ला के साथ मिलकर पति सौरभ राजपूत की हत्या कर दी.सौरभ लंदन में नौकरी करता था और परिवार के लिए पैसे भेजता था.भारत लौटते ही उसे नशीला पदार्थ देकर चाकू से मार डाला गया. हत्या के बाद शव के चार टुकड़े किए गए और उन्हें सीमेंट से भरे नीले ड्रम में छिपा दिया गया ताकि बदबू और सबूत दोनों खत्म हो जाएं. इसके बाद दोनों हिमाचल भाग गए, लेकिन पुलिस ने तकनीकी जांच और पूछताछ के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया. इस केस ने यह दिखाया कि अपराधी सबूत मिटाने के लिए कितनी क्रूरता तक जा सकते हैं, लेकिन वैज्ञानिक जांच के सामने उनकी साजिश ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी.
प्रगति यादव: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में हुई यह घटना रिश्तों में विश्वासघात की एक दर्दनाक मिसाल बन गई. प्रगति यादव की शादी मार्च 2025 में दिलीप से हुई थी, लेकिन उसका प्रेम संबंध अनुराग यादव से पहले से चल रहा था. शादी के बाद भी दोनों का संपर्क बना रहा और आखिरकार पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई. आरोप है कि प्रगति और उसके प्रेमी ने दो लाख रुपये देकर कॉन्ट्रैक्ट किलर को सुपारी दी. दिलीप को झूठे बहाने से खेत के पास बुलाया गया और वहां गोली मारकर हत्या कर दी गई. शुरुआत में इसे दुर्घटना या सामान्य अपराध बताने की कोशिश हुई, लेकिन मोबाइल कॉल डिटेल, सर्विलांस और पुलिस जांच ने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया. महज 15 दिन पहले हुई शादी हत्या की वजह से खत्म हो गई और आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए.
‘मटन सूप’ और प्लास्टिक सर्जरी का खौफनाक खेल: तेलंगाना का यह मामला भारतीय अपराध इतिहास के सबसे विचित्र मामलों में गिना जाता है. स्वाति नाम की महिला ने अपने प्रेमी राजेश के साथ मिलकर पति सुधाकर की हत्या कर दी.हत्या के बाद शव को जंगल में जलाकर पहचान मिटाने की कोशिश की गई.इसके बाद आरोपियों ने ऐसी योजना बनाई, जो किसी फिल्म की कहानी जैसी लगती है. प्रेमी राजेश के चेहरे पर एसिड डालकर उसे प्लास्टिक सर्जरी के जरिए सुधाकर जैसा बनाने की योजना थी, ताकि बीमा और संपत्ति से जुड़े फायदे हासिल किए जा सकें. लेकिन अस्पताल में एक छोटी-सी गलती ने पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया. नकली ‘सुधाकर’ ने मटन सूप पीने से इनकार कर दिया, जबकि असली सुधाकर मांसाहारी था. परिवार को शक हुआ और पुलिस जांच में पूरा राज सामने आ गया.
प्रियंका पुरोहित: ‘तुम काले हो, मुझे डिजर्व नहीं करते: मध्य प्रदेश के धार जिले में अप्रैल 2026 में देवकृष्ण पुरोहित की हत्या ने सभी को चौंका दिया। उनकी पत्नी प्रियंका पुरोहित ने पहले दावा किया कि घर में लुटेरे घुसे थे, जिन्होंने हत्या कर दी और उसे भी बांध दिया। शुरुआत में मामला लूट और हत्या का लगा. लेकिन कॉल रिकॉर्ड, फॉरेंसिक रिपोर्ट और पूछताछ में लगातार बदलते बयानों ने पुलिस का शक बढ़ा दिया. जांच में सामने आया कि प्रियंका का अपने प्रेमी कमलेश से संबंध था. पुलिस के अनुसार, पति के रंग-रूप को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां और विवाहेतर संबंध इस अपराध की बड़ी वजह बने. जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने प्रियंका और उसके सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया.
बिरयानी में नींद की गोलियां और बेटे के सामने हत्या: यह मामला पंजाब से जुड़े एक परिवार का है, जिसने पूरे देश को झकझोर दिया। लंदन में रहने वाले सुखजीत सिंह अपने परिवार के साथ भारत आए थे.उनकी पत्नी रमनदीप कौर का बचपन के दोस्त गुरप्रीत के साथ प्रेम संबंध था.आरोप है कि रमनदीप ने पूरे परिवार की बिरयानी में नींद की गोलियां मिला दीं. जब सभी गहरी नींद में सो गए तो उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की गला रेतकर हत्या कर दी. इस पूरे घटनाक्रम का सबसे महत्वपूर्ण गवाह उनका नौ वर्षीय बेटा बना, जिसने अपनी आंखों से पूरी वारदात देखी. बच्चे की गवाही और अन्य सबूतों के आधार पर अदालत ने आरोपियों को दोषी ठहराया.
गोपाली देवी: जयपुर में पति की निर्मम हत्या: राजस्थान के जयपुर में सामने आया गोपाली देवी का मामला भी कथित विवाहेतर संबंधों से जुड़ा चर्चित केस बना. पुलिस जांच के अनुसार, गोपाली ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति धन्नालाल सैनी की हत्या की साजिश रची. घटना के बाद मामले को सामान्य अपराध की तरह पेश करने की कोशिश हुई, लेकिन पुलिस की पूछताछ, परिस्थितिजन्य साक्ष्य और तकनीकी जांच ने कहानी बदल दी. जांच में सामने आया कि पति को रास्ते से हटाने के पीछे प्रेम संबंध बड़ी वजह थे.
इन सभी मामलों की कहानी अलग-अलग हो सकती है, लेकिन एक बात लगभग समान दिखती है-जब रिश्तों में भरोसा टूटता है, तो अपराध की साजिशें जन्म लेती हैं. ये मामले सिर्फ सनसनी नहीं, बल्कि रिश्तों में विश्वास, कानून और न्याय व्यवस्था के सामने खड़ी गंभीर चुनौती की भी याद दिलाते हैं.
यह भी पढ़ें: 60 दिन में इंसाफ: 3 साल की मासूम से रेप और हत्या के 65 वर्षीय आरोपी को फांसी की सजा



