Bushra Bano : पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा आईपीएस अधिकारी बुशरा बानो का ट्रांसफर किया जाना विवाद में आ गया है। बुशरा बानो ने अपने एक विडियो में इंशाल्लाह और जज्काल्लह लिख दिया था। इस संबंध में पूर्व क्रिकेटर और सांसद मोहम्मद अजहरुद्दीन सवाल उठाए। उन्होंने कहा- यह बेहद ही चिंताजनक है कि अस्सलाम वालेकुम और इंशाल्लाह कहने पर एक आईपीएस अधिकारी का तबादला कर दिया गया। उन्होंने आगे लिखा- जब अभिवादन किसी लोक सेवक को निशाना बनाने का आधार बन जाता है तो हमें यह सवाल पूछना चाहिए कि हम अल्पसंख्यकों को किस तरह का मैसेज दे रहे हैं? भारत की ताकत उसकी विविधता में है न कि पहचान पर नियंत्रण रखने में। बुशरा बानो के विडियो पर काफी बवाल मचा था। उनका ट्रांसफर इसी से जोड़कर देखा जा रहा है।
आईपीएस ने विवाद के बाद वीडियो डिलीट किया
बुशरा बानो 13 सितंबर के वीडियो में आईपीएस की तैयारी करने वाले छात्रों का हौसला बढ़ा रही थीं। पुलिस की वर्दी में बनाए गए इस वीडियो में उन्होंने अस्सलामुअलैकुम, इंशाल्लाह और जजाकल्लाह जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था। इन शब्दों को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई और वीडियो की जमकर आलोचना की थी। यह वीडियो अब उनके सोशल मीडिया अकाउंट से डिलीट हो चुका है।
संगठन ने गृह सचिव से शिकायत का दावा किया था
हिंदू लीगल फंड नाम के एक एक्स अकाउंट ने बुशरा बानो का वीडियो शेयर किया था। संगठन ने दावा किया था कि इस मामले को लेकर पश्चिम बंगाल के गृह सचिव से शिकायत की गई है। संगठन ने पोस्ट में कहा था-उन्होंने अस्सलाम वालेकुम से शुरुआत की, इंशाल्लाह का इस्तेमाल किया और जज़ाकल्लाह कहकर वीडियो समाप्त किया। लेकिन, वंदे मातरम या जय हिंद जैसे शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया। संगठन ने कहा- भारत राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले एक सेवारत अधिकारी को निष्पक्षता बनाए रखनी चाहिए और सार्वजनिक संचार में राष्ट्रीय अभिव्यक्तियों का उपयोग करना चाहिए।
बुशरा हम आपके साथ हैं
टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है उन्होने कहा कि एक तरफ बीजेपी सरकार ब्रिक्स समिट में प्रेयर रूम बनाकर अपनी सेक्युलर छवि दिखा रही है तो दूसरी तरफ एक मुस्लिम महिला आईपीएस अधिकारी डॉ. बुशरा बानो को सिर्फ अस्सलाम-अलैकुम और जजाकल्लाह कहने पर किनारे कर दिया गया। ये गोदी मीडिया द्वारा फैलाई जा रही नफरत को ही आगे बढ़ा रहा है। बुशरा, हम आपके साथ हैं। कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने भी कहा कि एक नफरती न्यूज चैनल ने पहले वो वीडियो सनसनीखेज बनाकर पोस्ट किया और महिला आईपीएस की ऑनलाइन ट्रोलिंग करवाई गई, राज्य सरकार ने उनका साथ देने के बजाय अगले दिन उनका ट्रांसफर कर दिया।
खड़गपुर में एडिशनल एसपी के पद पर थीं
बता दें कि आईपीएस डॉ. बुशरा बानो पश्चिम मेदिनीपुर के खड़गपुर में एडिशनल एसपी के तौर पर काम कर रही थीं। तबादले के बाद उन्हें स्टेट आर्म्ड पुलिस की चौथी बटालियन का डिप्टी कमांडेंट नियुक्त किया गया है। बानो की जगह पार्थ घोष अब पश्चिम मेदिनीपुर के खड़गपुर में नए एडिशनल एसपी का पद संभालेंगे।
यह भी पढ़ें –PM से मुलाकात के बाद 15 साल से चल रहा जमीन विवाद सुलझा, असगर वोहरा को वापस मिली जमीन
यह भी देखें – राजस्थान निकाय चुनाव: 2028 की सियासी किताब खुली! BJP आगे, कांग्रेस पीछे | निर्दलीय गेमचेंजर



