Firecracker Factory Blast: मध्य प्रदेश के देवास जिले में आज गुरुवार को एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हो गया. धमाका इतना तेज था कि पूरा इलाका दहल गया और आसपास के मकानों की दीवारें तक हिल गई. हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई. इसके अलावा कई दो दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को इंदौर रेफर किया गया है. ब्लास्ट इतना तेज था कि शवों के टुकड़े 20 से 25 फीट दूर जा गिरे. घटना के बाद पुलिस ने फैक्ट्री मालिक अनिल मालवीय को हिरासत में ले लिया है. प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है.
CM मोहन यादव ने जताया दुख
वहीं मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घटना पर दुख जताया है. उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि देवास जिले के टोंककला में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में कई लोगों के हताहत होने का समाचार हृदय विदारक है. मैंने जिले के प्रभारी एवं उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, गृह सचिव और वरिष्ठ अधिकारियों को घटना स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं. घटना की जांच के आदेश भी दिए हैं. मृतकों के परिजनों को राज्य शासन की ओर से ₹4-4 लाख की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने एवं घायलों का निशुल्क इलाज करने के लिये निर्देश दिए हैं. बाबा महाकाल से दिवंगतों की शांति, शोकाकुल परिजनों को दुख सहन करने की शक्ति तथा दुर्घटना में घायलों को त्वरित स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं.
देवास जिले के टोंककला में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट में कई लोगों के हताहत होने का समाचार हृदय विदारक है।
मैंने जिले के प्रभारी एवं उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा जी, गृह सचिव और वरिष्ठ अधिकारियों को घटना स्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। घटना की जांच के आदेश भी दिए हैं।…
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) May 14, 2026
यह भी पढ़ें: केरल के CM पद के लिए नाम का ऐलान होने पर VD सतीशन का पहला बयान, कहा- हम सब बदल…
बारूद बनाने के दौरान हादसा
स्थानीय लोगों ने बताया कि दो केमिकल को मिलाकर बारूद बनाया जा रहा था. इसी दौरान केमिकल की मात्रा सही नहीं मिलने की वजह से ब्लास्ट हो गया. जहां विस्फोट हुआ वहां 15 से 20 मजदूर काम कर रहे थे. लंच से करीब 15 से 20 मिनट पहले ही फैक्ट्री में ब्लास्ट हो गया. लोगों ने बताया कि कर्मचारियों का खाना भी आ चुका था, लेकिन हादसे के बाद लोग खाना छोड़कर जान बचाने के लिए भागे. ग्रामीणों ने कमिश्नर का घेराव कर आरोप लगाया कि अवैध फैक्ट्री के खिलाफ पहले कोई कार्रवाई नहीं की गई. फैक्ट्री में करीब 400-500 लोग काम करते हैं.
“अब “सामूहिक हत्याकांड” जैसा बन गया है”
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि मध्य प्रदेश सरकार का चेहरा अब सामूहिक हत्याकांड जैसा बन गया है. पहले इंदौर में जहरीले पानी से लोगों की मौत, हरदा में पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट फिर क्रूज हादसा और अब देवास में भी बड़ा विस्फोट हो गया है. भारतीय जनता पार्टी का चेहरा सामूहिक हत्याकांड का बनता जा रहा है. जवाबदेही किसी की नहीं, किसी भी गलती से सरकार सिखती नहीं है. घटनाक्रम आगे न हो इसके लिए सरकार प्रयासरत्त नहीं है.



