US-Iran Conflict: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तुर्किये की राजधानी अंकारा में आयोजित NATO शिखर सम्मेलन के दौरान ईरान को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि ईरान के साथ हुआ सीजफायर समझौता अब खत्म हो चुका है, वो अब ईरान से कोई डील नहीं करना चाहते हैं. ट्रंप ने दावा किया कि हालिया घटनाक्रम के बाद दोनों देशों के बीच समझौते का कोई महत्व नहीं रह गया है.
NATO शिखर सम्मेलन के दौरान मीडिया से सवालों का जवाब देते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि मुझे लगता है कि एमओयू अब खत्म हो चुका है. अमेरिका और ईरान के बीच ऐसे हालात पैदा हो गए हैं कि दोनों देशों के बीच समझौते का भविष्य खत्म माना जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि ईरान के बेहद खतरनाक लोगों पर पिछली रात हमने ताकतवर हमला किया. हमने अमेरिका की सुरक्षा के लिए ऑपरेशन को पूरी ताकत के साथ अंजाम दिया. यहीं नहीं ट्रंप ने ईरान पर निशाने साधते हुए कहा कि वो बीमार हैं, उनके साथ कुछ गड़बड़ है. अमेरिकी राष्ट्रपति की टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब अमेरिका-ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है. बता दें कि ट्रंप के बयान से पहले अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने ईरान के 80 से ज्यादा सैन्य ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की पुष्टि की थी.CENTCOM के मुताबिक, होर्मुज में जहाजों पर हुए हमलों के जवाब में यह कार्रवाई की गई.
तेल की कीमतों में आया उछाल
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान के साथ एमओयू को खत्म बताने के बाद ब्रेंट क्रूड करीब 6 प्रतिशत से बढ़कर 78 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया है. वहीं यूरोपिय शेयर बाजारों में 1.6 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है.
“अमेरिका को नतीजे भुगतने होंगे”
ईरानी सेना की ओर से दावा किया कि उसने बहरीन में शेख ईसा एयर बेस पर तैनात अमेरिकी सैनिकों को निशाना बनाकर ड्रोन हमला किया. यह कार्रवाई अमेरिकी एयरस्ट्राइक के जवाब में की गई है. ईरानी सेना ने आगे कहा कि अमेरिका ने बार-बार सीजफायर का उल्लंघन किया है. इसके नतीजे भुगतने होंगे और अब क्षेत्र में मौजूद सभी अमेरिकी सैन्य ठिकाने हमारे सैन्य ड्रोन के निशाने पर है.
यह भी पढ़ें: इंडोनेशिया के सबसे बड़े प्रम्बानन हिंदू मंदिर पहुंचे पीएम मोदी, जीर्णोद्वार परियोजना का किया उद्घाटन



