Cockroach Janta Party: कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दिपके ने घोषणा की है कि वे 6 जून को भारत लौटकर दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे. उनका मुख्य आरोप नीट परीक्षा विवाद और पेपर लीक जैसी कथित गड़बड़ियों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर है.वे मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं.दिपके ने छात्रों और समर्थकों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की है और इसे लोकतांत्रिक अधिकार बताया है.
Important announcement:
CJP Founder @abhijeet_dipke will return to India on June 6 for a peaceful protest at Jantar Mantar, Delhi, demanding the resignation of the Education Minister. pic.twitter.com/x9M1v38Pwu
— Cockroach is Back (@Cockroachisback) June 1, 2026
विदेश से भारत वापसी की घोषणा
अभिजीत दिपके ने वीडियो संदेश जारी कर कहा कि वे विशेष रूप से नीट परीक्षा विवाद और पेपर लीक से जुड़े मामलों को लेकर देश वापस आ रहे हैं.दिपके ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है. उनका कहना है कि परीक्षा प्रणाली में कथित गड़बड़ियों के कारण लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है.उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर जवाबदेही तय होना जरूरी है और जिम्मेदारी तय किए बिना सुधार संभव नहीं है.
छात्रों और समर्थकों से अपील
अपने वीडियो संदेश में अभिजीत दिपके ने छात्रों और युवाओं से अपील की कि वे 6 जून को दिल्ली में उनके साथ जुड़ें. उन्होंने कहा कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और संविधान के दायरे में रहेगा. दिपके ने दावा किया कि लाखों लोगों ने ऑनलाइन याचिका और सोशल मीडिया के माध्यम से इस अभियान का समर्थन किया है. वहीं दिपके ने यह भी कहा कि उनके परिचितों और परिवार के कुछ लोगों को आशंका है कि उन्हें दिल्ली पहुंचने पर हिरासत में लिया जा सकता है. लेकिन उन्हें भारतीय लोकतंत्र और संविधान पर भरोसा है. उनका पूरा आंदोलन पूरी तरह से शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से संचालित होगा. उन्होंने कहा कि वे चाहते तो विदेश में रहकर नौकरी कर सकते थे. लेकिन देश और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर भारत लौटने का फैसला किया है.
प्रदर्शन की रणनीति
उन्होंने बताया कि 6 जून की सुबह वे दिल्ली पहुंचेंगे और समर्थकों के साथ पहले संसद मार्ग थाने जाकर जंतर मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति मांगेंगे. उनका कहना है कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन हर नागरिक का अधिकार है और इसी अधिकार के तहत यह आंदोलन किया जाएगा.दिपके के अनुसार, उनके इस आंदोलन को सोशल मीडिया पर बड़े स्तर पर समर्थन मिल रहा है.इंस्टाग्राम पर कॉकरोच जनता पार्टी के 22 मिलियन से फॉलोअर्स है. हालांकि,यह देखना दिलचस्प होगा कि ऑनलाइन समर्थन वास्तविक धरातल पर कितने लोगों को जोड़ पाता है. 6 जून को होने वाले इस प्रस्तावित प्रदर्शन पर देशभर की निगाहें टिकी हैं. यह आंदोलन न केवल शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहा है,बल्कि छात्रों के भविष्य और परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता को लेकर भी नई बहस छेड़ सकता है.
यह भी पढ़ें: “दोस्ती की आड़ में छुरेबाजी, कतई स्वीकार्य नहीं…” सूर्या हत्याकांड पर CM योगी का बड़ा बयान



