Chennai Airport: चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आज रविवार को एक चौंकाने वाली घटना से यात्रियों में हड़कंप मच गया. दरअसल, शारजाह से आई एअर अरेबिया की फ्लाइट में एक यात्री ने लैंडिंग के बाद टैक्सीवे पर चलते विमान का इमरजेंसी दरवाजा खोलकर छलांग लगा दी. जिससे विमान में अफरातफरी मच गई और बड़ा हादसा टलते-टलते बचा. शुरुआती जांच में यात्री की तबीयत खराब होने की बात सामने आई है. सुरक्षाबलों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है.
चलती फ्लाइट से कूदने से मची दहशत
रविवार सुबह चेन्नई एयरपोर्ट पर उस समय हड़कंप मच गया, जब शारजाह से आई एअर अरेबिया की फ्लाइट में सवार एक 34 वर्षीय यात्री ने अचानक इमरजेंसी गेट खोलकर नीचे छलांग लगा दी. विमान उस समय लैंडिंग के बाद टैक्सीवे पर धीमी गति से आगे बढ़ रहा था। घटना से बाकी यात्रियों में भय और अफरातफरी फैल गई. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यात्री यात्रा के दौरान अस्वस्थ महसूस कर रहा था. उसने घबराहट और उल्टी की शिकायत की थी और कूदने से पहले दो बार उल्टी भी की थी. माना जा रहा है कि इसी बेचैनी के कारण उसने यह खतरनाक कदम उठाया.
यह भी पढ़ें: दिल्ली में बिहारी युवक की हत्या के खिलाफ AAP का जोरदार प्रदर्शन, कहा- बिहारियों के प्रति नफ़रत…
सुरक्षा एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पायलट ने तुरंत विमान रोक दिया और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया. केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF)के जवान मौके पर पहुंचे. यात्री को तुरंत पकड़कर हिरासत में लिया गया और बाद में पुलिस को सौंप दिया गया.
एयरपोर्ट संचालन पर असर
इस घटना के चलते एयरपोर्ट का संचालन कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ. सुबह 03:23 बजे से 04:23 बजे तक मुख्य रनवे बंद कर दिया गया और अन्य उड़ानों को सेकेंडरी रनवे की ओर डायवर्ट किया गया. हालांकि, विमान और अन्य यात्रियों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा. यात्री तमिलनाडु के पुदुक्कोट्टई जिले का बताया जा रहा है. पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की गहन जांच कर रही हैं. साथ ही डॉक्टरों की टीम उसकी मानसिक स्थिति को चेक कर रही है, ताकि घटना की असली वजह सामने आ सके.



