Bengaluru Quarry Accident: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के दक्षिण तालुका के मदापटना इलाके में गुरुवार सुबह एक पत्थर की खदान में बड़ा हादसा हो गया. खदान में काम कर रहे मजदूरों पर अचानक 40 फुट ऊंचाई से भारी चट्टान गिर गई, जिससे नौ मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई. कई अन्य मजदूर घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है कि खदान में सुरक्षा नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं. पुलिस के अनुसार सभी मृतक बिहार और असम के रहने वाले थे और रोज़ाना मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे.
करीब 18 मजदूर कर रहे थे काम
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय खदान में करीब 18 मजदूर पत्थर तोड़ने का काम कर रहे थे. इसी दौरान लगभग 40 फुट ऊंचाई से भारी चट्टान टूटकर नीचे आ गिरी. चट्टान इतनी विशाल थी कि उसके नीचे दबे मजदूरों को संभलने या बाहर निकलने का कोई मौका नहीं मिला. हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में कई मजदूर घायल भी हुए हैं, जिन्हें तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. फिलहाल घायलों की सही संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, राहत और बचाव दल लगातार मौके पर अभियान चला रहे हैं. प्रशासन इस बात की भी जांच कर रहा है कि कहीं कोई अन्य मजदूर मलबे के नीचे तो नहीं दबा है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए और पूरे क्षेत्र को घेरकर राहत कार्य शुरू किया गया. पुलिस मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना देने में जुटी है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि खदान में सुरक्षा नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं. यदि जांच में लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि बेंगलुरु दक्षिण तालुक के मडापट्टना में दीवार गिरने से 7 मज़दूरों की मौत हो गई है, जो बहुत दुखद है. मैं प्रार्थना करता हूं कि मृतकों की आत्माओं को शांति मिले, उनके परिवारों को इस दुख को सहने की हिम्मत मिले और घायल लोग जल्द ठीक हो जाएं. खदान मालिकों की यह ज़िम्मेदारी है कि वे खदान के काम में लगे मजदूरों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करें. सरकार नियमों का उल्लंघन करने वाली खदानों के ख़िलाफ़ उचित कार्रवाई करेगी.
यह भी पढ़ें: राममंदिर चढ़ावा चोरों के खिलाफ बुलडोजर एक्शन की तैयारी, चंपत राय, गोपाल राव के खिलाफ तहरीर देंगे वकील



